Views: 16,597
मुख्यमंत्री धामी ने सोमवार को नगला तराई में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने भगवान राम के जीवन चरित्र और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का जीवन हमें एकजुट होकर धर्म, सत्य और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण के साथ ही केदारखंड और मानसखंड के मंदिरों के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक परंपराओं को सुरक्षित रखने के लिए सरकार अवैध अतिक्रमण और छद्म वेश धारण कर गतिविधियां करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई कर रही है।
केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। हर घर तक नल से जल और गैस कनेक्शन पहुंचाने का काम किया गया है। आयुष्मान योजना के माध्यम से पात्र लोगों को पांच लाख रुपये तक के मुफ्त उपचार की सुविधा दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसानों को आर्थिक सहायता देने के लिए किसान सम्मान निधि का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सैनिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के माध्यम से आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया गया है। वहीं, पूर्व सैनिकों के हित में वन रैंक, वन पेंशन योजना लागू की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान राम के आदर्श आज भी समाज को एकता, समरसता, कर्तव्यनिष्ठा और मर्यादा का संदेश देते हैं। हम सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।