केदारनाथ मंदिर के कपाट: बाबा की डोली के प्रस्थान के साथ जयकारों से गूंज उठा धाम, अब 6 माह यहां देंगे दर्शन

बुधवार को सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुसार केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही इस साल की केदारनाथ यात्रा का समापन हो गया। कपाट बंद होने के दौरान धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। बाबा के जयकारों से पूरा परिसर गूंजता रहा।


 

कपाट बंद करने की प्रक्रिया सुबह चार बजे विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुरू हुई। विधि-विधान से पूजा संपन्न होने के बाद सुबह 8:30 बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर के कपाट बंद किए गए। इस दौरान बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, समिति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहन सिंह रागड़, पुलिस उपाधीक्षक अवनी तिवारी, चौकी प्रभारी मुकेश डिमरी सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे। तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों और देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी इस अवसर पर भाग लिया।

 

कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना हो गई।

 

धाम से बाबा की डोली की विदाई के समय श्रद्धालु भावुक नजर आए। भक्तों ने जयकारे लगाकर बाबा को विदा किया। कई श्रद्धालु डोली के साथ ही धाम से रवाना हुए।

 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बाबा केदार की डोली बुधवार को पहली रात रामपुर में विश्राम करेगी। 12 नवंबर को डोली गुप्तकाशी पहुंचेगी और 13 नवंबर को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी। यहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार बाबा केदार की शीतकालीन पूजा शुरू होगी।

और पढ़े  अर्श अंसारी की मौत: पीटने से नहीं, कार के कुचलने से गई किशोर की जान, सीसीटीवी फुटेज से खुला मौत का राज

Kedarnath dham closes for winter baba kedar procession leaves for ukhimath amid farewell by devotees photos

अगले छह महीने तक श्रद्धालु ऊखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर में बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे। इसी स्थान पर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। अब सर्दियों में केदारनाथ धाम बर्फ की चादर ओढ़ेगा और श्रद्धालुओं को अगले साल यात्रा शुरू होने का इंतजार रहेगा। वर्ष 2027 में ग्रीष्मकाल के दौरान धाम के कपाट दोबारा खुलने के साथ केदारनाथ यात्रा शुरू होगी।

  • Related Posts

    उत्तराखंड: दीपावली के बाद दून समेत तीन शहरों की हवा में हुआ सुधार, खराब से मध्यम श्रेणी में पहुंचा एक्यूआई

    दीपावली के दिन आतिशबाजी के चलते देहरादून समेत प्रदेश के कई शहरों की हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई थी। इन शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) खराब श्रेणी में पहुंच…

    बर्फीली ढलानों से रोमांचक सफर तक:12 महीने गुलजार रहेगा उत्तराखंड का पर्यटन, औली में शुरू होंगे विंटर गेम्स

    चारधाम यात्रा के बाद अब उत्तराखंड में पर्यटन का नया सीजन शीतकाल में भी रफ्तार पकड़ेगा। बर्फ से लकदक पहाड़, रोमांचक साहसिक गतिविधियां और आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा पर्यटकों को…