भारत-पाकिस्तान मैच: आज एशिया कप भारत-पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज टक्कर, गुस्से और गम के बीच होगा ये महामुकाबला

 

सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम रविवार को एशिया कप में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ यहां होने वाले मुकाबले में प्रबल दावेदार होगी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 पर्यटक मारे गए थे जिससे हाल में दोनों देशों के बीच संबंधों में कड़वाहट भर गई। इसके बाद हुए सैन्य अभियान और जनता के गुस्से ने महाद्वीपीय क्रिकेट के इस सबसे हाई-प्रोफाइल मैच की तैयारी को बहुत फीका बना दिया। भारत सरकार ने बहुराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में राष्ट्रीय टीम को अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति दी है, लेकिन द्विपक्षीय स्तर पर ऐसा नहीं होगा।

 

सूर्यकुमार की कप्तानी में टीम इंडिया पसंदीदा
भारतीय टीम में शुभमन गिल, सूर्यकुमार, अभिषेक शर्मा जैसे बल्लेबाज, जसप्रीत बुमराह जैसा तेज गेंदबाज, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे स्पिनर मौजूद हैं। कागज पर भारतीय टीम पाकिस्तान की तुलना में कहीं अधिक खतरनाक दिखती है जो नए कप्तान सलमान अली आगा के नेतृत्व में अपनी पकड़ बनाने की कोशिश कर रही है। हालांकि इस प्रारूप की बदलने वाली प्रकृति को देखते हुए उलटफेर की संभावना हमेशा बनी रहती है लेकिन इस मजबूत भारतीय टीम के खिलाफ इसकी संभावना कम ही है।

पाकिस्तानी टीम के सबसे प्रतिभाशाली बल्लेबाजों में से एक सलामी बल्लेबाज सैम अयूब, मध्यक्रम के बल्लेबाज हसन नवाज तथा अबरार अहमद, सूफियान मुकीम और मोहम्मद नवाज की स्पिनरों की तिकड़ी नए लुक वाली टीम में यह बात साबित करना चाहेंगे कि उन्होंने बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान पर पूरी तरह निर्भर रहने की नीति को त्याग दिया है।

और पढ़े  चौथा टी20: भारत को 260 रनों का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने लगाया शतक,भारत को शुरुआती झटका, सैमसन पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट

कुलदीप की गुगली और वरुण की कैरम बॉल बनेगी चुनौती
आमतौर पर भारत-पाकिस्तान मैच में भारतीय बल्लेबाजों और पाकिस्तानी तेज गेंदबाजों के बीच मुकाबला होता है लेकिन इस बार दोनों टीमों के स्पिनरों की अहम भूमिका होगी जबकि जसप्रीत बुमराह और शाहीन शाह आफरीदी ही एकमात्र विशेषज्ञ तेज गेंदबाज हैं जो रविवार को मैदान में उतरेंगे। पिच में हालांकि ज्यादा टर्न नहीं है लेकिन दोनों टीमों में दाएं और बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर मौजूद हैं। सूफियान मुकीम एक अच्छे गेंदबाज हैं लेकिन कुलदीप यादव जैसे हुनरमंद गेंदबाज के आस-पास भी नहीं हैं जिनकी गुगली खेलना आसान नहीं है।

अबरार अहमद की लेग-ब्रेक और विकेट लेने के अनोखे अंदाज से पाकिस्तान में उनके प्रशंसकों की तादाद बढ़ी है, लेकिन वरुण चक्रवर्ती की रहस्यमयी कैरम बॉल पाकिस्तान के बल्लेबाजों के लिए खतरनाक हो सकती है। वह अयूब और साहिबजादा फरहान जैसे युवाओं के लिए मुश्किल साबित हो सकते हैं जो स्पिनरों को समझ नहीं पा रहे हैं। बाएं हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाज आईसीसी रैंकिंग में 30वें स्थान पर हैं लेकिन अक्षर पटेल के मुकाबले कहीं नहीं टिकते।

भारत की बल्लेबाजी में बड़ी गहराई
भारतीय बल्लेबाजी क्रम में शामिल उप कप्तान शुभमन गिल, अभिषेक, संजू सैमसन, कप्तान सूर्यकुमार, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे अगर चल जाएं तो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा सकते हैं। ऑलराउंडरों की बात करें तो फहीम अशरफ की हार्दिक से कोई तुलना ही नहीं है। भारत को पाकिस्तानी लाइन-अप में किसी एक गेंदबाज से सावधान रहना है तो वह शाहीन ही हैं जिनकी 2021 में इस मैदान पर यादगार यादें हैं।

और पढ़े  चौथा टी20: भारत को 260 रनों का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने लगाया शतक,भारत को शुरुआती झटका, सैमसन पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट

उन्होंने केएल राहुल, रोहित शर्मा और कुछ ओवर बाद विराट कोहली को आउट करके अपने देश को टी-20 विश्वकप ग्रुप लीग मैच में शानदार जीत दिलाई थी लेकिन घुटने की सर्जरी के बाद शाहीन की ‘लेट स्विंग’ और ‘ऑफ द पिच मूवमेंट’ गायब हो गए हैं। भारत के लिए आदर्श बल्लेबाजी लाइन-अप का पता लगाना ही अहम होगा। संजू सैमसन और दुबे का बल्लेबाजी क्रम में स्थान महत्वपूर्ण होगा।

मुकाबले को लेकर नहीं दिख रहा पहले जैसा उत्साह
मैच के हजारों टिकट अब भी उपलब्ध हैं और शुक्रवार को भारत के अभ्यास सत्र में बहुत कम दर्शक पहुंचे। मैच को लेकर पहले की तरह उत्साह भी गायब है। पिछले कुछ महीनों में सीमा पर बढ़े तनाव के बावजूद मैच में उस तरह के उत्साह का अभाव है जो दोनों देशों के बीच मैच में अक्सर होता है जबकि यह रविवार को खेला जा रहा है। हालांकि चार महीने बाद भारत में टी-20 विश्वकप को देखते हुए मुकाबला महत्वपूर्ण है।

सोशल मीडिया पर अपील की जा रही हैं कि भारत इस मैच का बहिष्कार करे जिससे कोई नहीं जानता कि कितने बीसीसीआई अधिकारी रविवार को मैच देखने पहुंचेंगे, वर्ना दोनों देशों के बीच मैच के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद रहते थे।

दोनों टीमें

भारत की टीम:
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, जितेश शर्मा, रिंकू सिंह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा।

पाकिस्तान की टीम:
सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमां, सलमान आगा (कप्तान), हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सूफियान मुकीम, अबरार अहमद, हुसैन तलत, हसन अली, खुशदिल शाह, हारिस रऊफ, मोहम्मद वसीम जूनियर, सलमान मिर्जा।

और पढ़े  चौथा टी20: भारत को 260 रनों का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने लगाया शतक,भारत को शुरुआती झटका, सैमसन पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट
  • Related Posts

    चौथा टी20: भारत को 260 रनों का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने लगाया शतक,भारत को शुरुआती झटका, सैमसन पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट

    भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज हो रहा है। भारतीय टीम पहले ही सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है।…

    भारतीय महिला टीम ने 121 रन से जीता मैच: दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे 207 पर ऑलआउट, मेजबानों ने बनाई अजेय बढ़त

    हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के शानदार शतकों के बाद बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को दूसरे वनडे…