देश के करोड़ों पेंशनभोगियों के लिए हर साल एक बेहद जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का समय आ गया है। यदि आपने समय रहते अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं किया, तो आपकी पेंशन रुक सकती है। पेंशन और पेंशनभोगियों के कल्याण विभाग के नियमों के अनुसार, इसके लिए अलग-अलग आयु वर्ग के हिसाब से तारीखें तय की गई हैं।
- 80 वर्ष या उससे अधिक उम्र के अति-वरिष्ठ नागरिकों के लिए जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की खिड़की एक अक्तूबर से खुल चुकी है।
-
- 80 वर्ष से कम उम्र के अन्य सभी पेंशनभोगी एक नवंबर से 30 नवंबर के बीच अपना प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं।
- सभी पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर निर्धारित की गई है।
घर बैठे हो सकता है काम
अब बुजुर्गों को लंबी लाइनों में लगने की जरूरत नहीं है। सरकार की जीवन प्रमाण सुविधा के जरिये आप अपने एंड्रॉइड स्मार्टफोन से ही घर बैठे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बना सकते हैं। जरूरी चीजें: आपका आधार नंबर, पेंशन पेमेंट ऑर्डर नंबर, सक्रिय मोबाइल नंबर और बैंक खाते का विवरण।ऑनलाइन जमा कर सकते हैं प्रमाण पत्र
- अपने फोन के गूगल प्ले स्टोर से जीवन प्रमाण फेस एप और आधार फेस आरडी एप डाउनलोड करें।
- एप खोलकर ऑपरेटर का ऑथेंटिकेशन प्रोसेस पूरा करें।
- पेंशनभोगी का आधार नंबर, पीपीओ नंबर और अन्य मांगी गई जानकारी दर्ज करें।
- फोन के फ्रंट कैमरे से पेंशनभोगी के चेहरे की तस्वीर लें।
- प्रक्रिया पूरी होने पर स्क्रीन पर एक यूनिक प्रमाण आईडी मिलेगी, जिसे सुरक्षित रख लें।
स्मार्टफोन न होने पर क्या करें
- नजदीकी बैंक शाखा या जन सेवा केंद्र जाकर फिंगरप्रिंट या आइरिस स्कैनर का उपयोग करें।
- घर-बैठे सेवा के माध्यम से बैंक कर्मचारी को घर बुलाकर सर्टिफिकेट जमा करें।
- अपनी संबंधित बैंक शाखा में जाकर निर्धारित फॉर्म और जीवन प्रमाण पत्र जमा करें।
- आधिकारिक पोर्टल jeevanpramaan.gov.in पर जाकर आवेदन स्थिति की जांच करते रहें।








