अमेरिकी अदालत में हुवावे दोषी करार: तकनीक चोरी और बैंक धोखाधड़ी की साजिश का आरोप साबित, रैकेटियरिंग से बरी

चीन की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी हुवावे (Huawei Technologies) को अमेरिका में कानूनी झटका लगा है। अमेरिकी जूरी ने मंगलवार को कंपनी को व्यापारिक गोपनीय जानकारी चुराने की साजिश और बैंक धोखाधड़ी का दोषी करार दिया। हालांकि, जूरी ने कंपनी के खिलाफ लगाए गए सबसे गंभीर आरोप यानी आपराधिक रैकेटियरिंग की साजिश से उसे बरी कर दिया।

यह फैसला न्यूयॉर्क में लंबे समय तक चले मुकदमे के बाद आया है। अमेरिकी अभियोजकों ने आरोप लगाया था कि हुवावे ने अमेरिका और दूसरे देशों में अपने प्रतिस्पर्धियों और कारोबारी साझेदारों की तकनीकी जानकारियां चुराने की कोशिश की थी। हालांकि, कंपनी के वकीलों ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ कर्मचारियों की अलग-अलग घटनाओं को बड़ी साजिश के रूप में पेश किया गया।

सिस्को से लेकर टी-मोबाइल तक की तकनीक चुराने का आरोप
अमेरिकी अभियोजकों ने अदालत में दावा किया कि हुवावे ने कई कंपनियों की तकनीकी जानकारी हासिल करने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए। अभियोग पत्र के मुताबिक, कंपनी ने एक बार प्रतिस्पर्धी कंपनी की नकल किए गए सोर्स कोड वाले इंटरनेट राउटर बेचे थे। एक अन्य मामले में हुवावे का कर्मचारी शिकागो में आयोजित एक ट्रेड शो के दौरान प्रतिस्पर्धी कंपनी के स्टॉल में घुसा और वहां नेटवर्किंग उपकरण के सर्किट की तस्वीरें लीं।
अभियोजकों ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी के एक कर्मचारी ने प्रतिस्पर्धी कंपनी की प्रयोगशाला से रोबोटिक आर्म निकाल लिया था, ताकि उसकी तस्वीरें खींचकर माप लिया जा सके। अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, कथित तौर पर प्रभावित कंपनियों में सिस्को सिस्टम्स, मोटोरोला सॉल्यूशंस, टी-मोबाइल, क्विंटेल यूएसए और फुजित्सु शामिल थीं।

कंपनी के वकील बोले- कर्मचारियों की गलतियों को बड़ी साजिश बताया
हुवावे के वकीलों ने मुकदमे के दौरान कंपनी का बचाव किया। उनका कहना था कि अमेरिकी जांचकर्ताओं ने कंपनी के दो लाख से अधिक कर्मचारियों में से कुछ लोगों की अलग-अलग गलतियों को आधार बनाकर एक बड़ी आपराधिक साजिश की कहानी तैयार की। कंपनी के वकील ब्रायन हेबरलिग ने अपनी अंतिम दलील में कहा कि अभियोजन पक्ष ने संदर्भ से अलग तथ्यों और पूर्व कर्मचारियों की गवाही के आधार पर मामला तैयार किया है।

और पढ़े  ईरान समर्थित हूतियों से बढ़ा खतरा: पश्चिम एशिया में अमेरिकियों पर हमले का खतरा, विदेश विभाग ने जारी की चेतावनी

उन्होंने कहा कि हुवावे की सफलता मेहनत, नवाचार और प्रतिस्पर्धा पर आधारित रही है, न कि चोरी पर। वकील ने यह भी कहा कि जिस सामग्री को चोरी का बताया जा रहा है, उसका बड़ा हिस्सा पहले से सार्वजनिक था। उन्होंने दावा किया कि कंपनी ने वर्षों में लाइसेंस शुल्क के रूप में अरबों डॉलर का भुगतान किया, जिसमें से 75 प्रतिशत राशि अमेरिकी कंपनियों को गई। गलत कामों में शामिल पाए गए कर्मचारियों के खिलाफ कंपनी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की।

अमेरिकी अभियोजकों ने कंपनी के शीर्ष नेतृत्व पर लगाए आरोप
अभियोजक मेरेडिथ अरफा ने जूरी के सामने कहा कि कंपनी के शीर्ष अधिकारियों ने कथित आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हुवावे के वरिष्ठ अधिकारियों ने अमेरिकी कांग्रेस और बैंकों के सामने गलत बयान दिए, प्रतिबंधों का उल्लंघन किया और जांच में हस्तक्षेप करने की कोशिश की। अमेरिका ने हुवावे के खिलाफ आपराधिक आरोप पहली बार 2019 की शुरुआत में लगाए थे। बाद में आरोपों का दायरा बढ़ाया गया।

ईरान और उत्तर कोरिया से कारोबार करने का भी आरोप
हुवावे पर अमेरिका के प्रतिबंधों का सामना कर रहे देशों के साथ कारोबार करने का भी आरोप लगा। इनमें ईरान और उत्तर कोरिया शामिल हैं। अभियोजकों के मुताबिक, कंपनी ने अपने कारोबारी लेनदेन से जुड़ी जानकारी अमेरिकी सरकारी अधिकारियों और बैंकों से छिपाने के लिए गलत बयान दिए। इसी मामले में कंपनी पर बैंक धोखाधड़ी का आरोप भी लगाया गया, जिसमें जूरी ने उसे दोषी पाया।

मेंग वानझोउ की गिरफ्तारी और अमेरिका-चीन विवाद
इस मामले में हुवावे की मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) मेंग वानझोउ पर भी पहले आपराधिक आरोप लगाए गए थे। उन पर आरोप था कि उन्होंने ईरान में कंपनी के कारोबारी संबंधों को लेकर HSBC बैंक को गुमराह किया। मेंग, हुवावे के संस्थापक की बेटी हैं। उन्हें 2018 में कनाडा में गिरफ्तार किया गया था। बाद में 2021 में उन्हें चीन लौटने की अनुमति मिली। यह घटनाक्रम चीन में हिरासत में रखे गए दो कनाडाई नागरिकों की रिहाई से जुड़े समझौते के दौरान हुआ। इसके बाद अमेरिका ने मेंग के खिलाफ अपना मामला वापस ले लिया।

और पढ़े  बांग्लादेश में हिंसा बेकाबू: मोहम्मद यूनुस का पुश्तैनी घर फूंका, ढाका में कई जगह बम धमाके, अब तक 565 गिरफ्तार

अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद दुनियाभर में कारोबार
अमेरिका ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए कई साल पहले अपनी दूरसंचार कंपनियों को हुवावे के उपकरण बेचने पर रोक लगा दी थी। कनाडा और ब्रिटेन समेत कुछ अन्य पश्चिमी देशों ने भी कंपनी को प्रतिबंधित किया है। हालांकि, इसका कंपनी के वैश्विक कारोबार पर पूरी तरह असर नहीं पड़ा। हुवावे के स्मार्टफोन और दूरसंचार उपकरण दुनिया के कई बाजारों में बिकते हैं।

हाल के वर्षों में कंपनी ने चिप निर्माण के क्षेत्र में भी विस्तार किया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल से प्रोसेसर की मांग बढ़ी है। ऐसे में हुवावे चीन में एनवीडिया जैसी कंपनियों के चिप्स के विकल्प के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
  • Related Posts

    राजस्थान जेजेएम घोटाला: पूर्व आईएएस सुबोध अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत, 7 महीने से थे जेल में

    राजस्थान के बहुचर्चित जल जीवन मिशन (जेजेएम) टेंडर घोटाले में पूर्व आईएएस अधिकारी सुबोध अग्रवाल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी कानूनी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी अपील स्वीकार…

    सबरीमाला मंदिर में भक्तों की सेहत से खिलवाड़: होटलों में मिला बासी खाना, निरीक्षण टीम ने कितना जुर्माना लगाया?

    सबरीमाला मंदिर और उसके आसपास की दुकानों में नियमों के उल्लंघन के 29 मामलों में एक संयुक्त निरीक्षण टीम ने कुल 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह जानकारी…