हिमाचल- बिना ड्राइवर अचानक चलने लगी यात्रियों से भरी बस, खाई में गिरी, मची चीख-पुकार

 

 

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के तहत समोट कस्बे में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। समोट-ददरियाड़ा रूट पर चलने वाली एक निजी बस सुबह 9:00 बजे अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। गनीमत यह रही कि इस हादसे में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ और बस में सवार 20 सवारियों में से कुछ को हल्की चोटे आई हैं।  जानकारी के अनुसार समोट-ददरियाड़ा रूट पर चलने वाली निजी बस समोट कस्बे के टैक्सी स्टैंड के समीप चौक पर खड़ी थी। बताया जा रहा है कि बस दूसरी बस की सवारियों का इंतजार कर रही थी।

 

अचानक बस न्यूट्रल हो गई और…
इस दौरान बस का चालक अपनी सीट पर मौजूद नहीं था। तभी अचानक बस न्यूट्रल हो गई और ढलान होने के कारण अपने आप सरकने लगी। बस में उस समय करीब एक दर्जन सवारियां मौजूद थीं। जैसे ही बस आगे जाने लगी तो यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। सवारियां कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही बस सड़क पर करीब 30 से 40 मीटर तक सीधे सरकते हुए प्राकृतिक जल स्रोत के समीप खाई में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने खाई में उतरकर बस में फंसी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई
राहत की बात यह है कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, हादसे के कारण घबराए और हल्की चोट महसूस कर रहे कुछ यात्रियों को एहतियात के तौर पर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सभी सवारियों के सुरक्षित होने से प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि बस अनियंत्रित हो सड़क से नीचे उतर गई। हादसे में जानामोल का नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

और पढ़े  हिमाचल: रामपुर विधायक नंद लाल का निधन, आईटीबीपी, कमांडो के बाद SPG से जुड़े, 2007 में पहली बार गए थे विधानसभा
  • Related Posts

    हिमाचल: रामपुर विधायक नंद लाल का निधन, आईटीबीपी, कमांडो के बाद SPG से जुड़े, 2007 में पहली बार गए थे विधानसभा

    हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले की रामपुर विधानसभा सीट से विधायक नंद लाल का मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को निधन हो गया। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद…

    हिमाचल प्रदेश: सड़क से नीचे गिरी कार, मां-बेटे सहित पांच लोगों की माैत, 1 घायल

    हिमाचल प्रदेश में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में पांच लोगों की माैत हो गई है। शिमला जिले के नावर क्षेत्र के दरोटी संपर्क सड़क पर हुए…