कनखल कोतवाली क्षेत्र में स्कूटी सवार महिला को लात मारकर नीचे गिराने के बाद चेन लूटने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी कुलदीप कुमार निवासी रघुनाथपुर, मंडावर, बिजनौर के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, एक तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है। आरोपी पूर्व में भी चेन स्नेचिंग के मामलों में जेल जा चुका है।
एसएसपी ने बताया कि शुक्रवार की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल बाइक सवार जमालपुर-जियापोता रोड की ओर आने वाला है। पुलिस ने रास्ते में चेकिंग शुरू की। बाइक सवार को रोकने का इशारा किया तो वह पुलिस को देखकर बाइक पीछे मोड़कर भागने लगा। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से तमंचा, एक कारतूस और महिला से छीनी गई सोने की चेन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने महिला से चेन छीनने की बात कबूली।
आरोपी पहले भी जा चुका चेन लूट में जेल
एसएसपी ने बताया कि 2022 में कनखल और रानीपुर क्षेत्र में चेन लूटने की घटनाओं में जेल जाने की बात भी स्वीकार की है। आरोपी अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था। आरोपी के खिलाफ कनखल, रानीपुर, ज्वालापुर में चोरी, लूट और अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं। वर्ष 2022 में कनखल पुलिस ने उसे पांच सोने की चेनों के साथ गिरफ्तार किया था।








