हल्द्वानी शहर के बनभूलपुरा क्षेत्र की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी का शव घर में फंदे से लटका मिला। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। किशोरी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार किशोरी के पिता क्षेत्र में ही मैकेनिक की दुकान चलाते हैं। शुक्रवार को उनकी 15 वर्षीय बेटी घर में अकेली थी। देर शाम जब पिता घर पहुंचे तब कमरा खोलते ही फंदे से बेटी को लटके देखा। तुरंत फंदे से उतारकर अस्पताल लेकर गए लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा। शुरुआती जांच में सामने आया है कि किशोरी 10वीं की परीक्षा पास कर चुकी थी। उसके परिवार में तीन बहनें और माता-पिता हैं।








