गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन के निर्माणाधीन मॉल में सात वर्षीय बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में रविवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने वारदात की साजिश कई दिन पहले रच ली थी।
समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल रविवार को घटनास्थल पर पहुंचा। सदस्यों ने बताया कि बातचीत के दौरान स्थानीय लोगों से जानकारी मिली कि पुलिस ने पीड़ित परिवार को किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट कर दिया है। उन्होंने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की अमानवीय घटनाएं पूरे समाज को झकझोर देती हैं।








