बाजपुर नगर के मोहल्ला पहाड़ी कॉलोनी में बुधवार देर रात वन विभाग की कार्रवाई के दौरान अफरा-तफरी मच गई। रुद्रपुर और बाजपुर वन विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर एक गोदाम पर छापा मारा तो लकड़ी तस्करों ने टीम पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमले में रुद्रपुर रेंज के वन दरोगा सुरेंद्र सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को आता देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। वन विभाग की टीम ने गोदाम से भारी मात्रा में सागौन और खैर की कीमती लकड़ी बरामद की है, जिसकी बाजार में लाखों रुपये कीमत बताई जा रही है। बरामद लकड़ी को विभाग ने कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय भिजवा दिया है। घायल वन दरोगा का बाजपुर के सरकारी अस्पताल में इलाज कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। रेंजर लक्ष्मण सिंह बिष्ट ने बताया कि गोदाम लंबे समय से अवैध लकड़ी तस्करी के लिए इस्तेमाल हो रहा था। आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही पुलिस को तहरीर देकर वन अधिनियम सहित सरकारी कार्य में बाधा और हमले की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराया जाएगा।







