पश्चिम एशिया संकट गहराता जा रहा है और पश्चिम एशिया के विभिन्न देश इसकी जद में हैं। अब इसकी आंच अमेरिका की जमीन तक पहुंचती दिख रही है। दरअसल गुरुवार को अमेरिका के एक सैन्य अड्डे के ऊपर संदिग्ध ड्रोन मंडराता दिखाई दिया। जिस सैन्य अड्डे पर ड्रोन मंडरा रहा था, उस सैन्य अड्डे में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो और रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के आवास हैं। यही वजह है कि इस घटना के बाद अमेरिका में हड़कंप मच गया है।
मार्को रुबियो और पीट हेगसेथ के आवास शिफ्ट करने की चर्चा
वॉशिंगटन पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, वॉशिंगटन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे फोर्ट मैकनेयर के ऊपर संदिग्ध ड्रोन दिखाई दिया। हालांकि अभी तक पता नहीं चल सका है कि यह ड्रोन कहां से आया था। इस घटना के बाद मार्को रुबियो और पीट हेगसेथ के आवास इस सैन्य अड्डे से स्थानांतरित करने की चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि अभी तक इसे लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
संदिग्ध ड्रोन देखे जाने के बाद अमेरिका में हाई अलर्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वॉशिंगटन में सैन्य अड्डे के ऊपर संदिग्ध ड्रोन देखे जाने के बाद व्हाइट हाउस के उच्च अधिकारियों ने बैठकें की। घटना के बाद अमेरिका में अलर्ट है। ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी और कई अन्य वरिष्ठ सैन्य कमांडरों की मौत के बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई की आशंका को देखते हुए अमेरिका में हाई अलर्ट है। अमेरिकी सैन्य ठिकानों की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। अमेरिका के राजनयिक मिशनों के लिए भी सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है।







