Post Views: 56,331
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि एसआईआर मामले पर विपक्ष के बढ़ते विरोध के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 2 अक्तूबर को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस ने अभी तक कोई मंजूरी नहीं दी है।
समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से बताया कि प्रदर्शन के लिए अब तक कोई भी अनुमति जारी नहीं की गई है। एसआईआर को लेकर विपक्ष और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा ये प्रदर्शन 2 अक्तूबर को जंतर मंतर पर किया जाना था।
आम आदमी पार्टी दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को लोगों से जंतर-मंतर पर होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की थी। विपक्ष के अन्य दलों और संगठनों के भी इस प्रदर्शन में शामिल होने या अलग से प्रदर्शन करने की संभावना है।
मुंबई पुलिस ने नहीं दी प्रदर्शन को मंजूरी
मुंबई पुलिस ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दो अक्तूबर को शिवाजी पार्क में होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने इसके लिए हाईकोर्ट के निर्देशों, नगर निगम की अनुमति नहीं होने और प्रदर्शन से ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका का हवाला दिया है। सीजेपी ने एसआईआर यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं के खिलाफ शिवाजी पार्क से देशव्यापी आंदोलन शुरू करने का एलान किया था।
इस बीच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) आंदोलन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 2 अक्तूबर को शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में जेल भरो आंदोलन की घोषणा की है। दीपके ने पहले कहा था कि मुंबई पुलिस ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सीजेपी के 2 अक्तूबर के विरोध प्रदर्शन की इजाजत देने से इनकार कर दिया है। इसके बाद उन्होंने गांधी जयंती के दिन ‘जेल भरो आंदोलन’ शुरू करने की घोषणा की।