देहरादून- 5 साल बाद लेट हुआ मानसून, सप्ताह भर की देरी से पहुंचेगा, आज भारी बारिश का अलर्ट

मौसम के बदले पैटर्न और जलवायु परिवर्तन के चलते इस साल भी गर्मी का असर बीते साल की तरह कम रहा। कुछ एक दिनों को छोड़ दें तो मैदानी इलाकों का अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास ही दर्ज किया गया। जिसके चलते भले गर्मी ने कम परेशान किया हो लेकिन इस बार गर्मी ज्यादा दिन तक रहेगी। इसकी मुख्य वजह मानसून में देरी है।

मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि उत्तराखंड में करीब पांच साल बाद मानसून सप्ताह भर की देरी से आएगा। जिससे गर्मी व उमस का असर और लंबे समय तक बना रहेगा। मानसून की धीमी रफ्तार के चलते प्रदेश में तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। हालांकि इस बीच हो रही हल्की बारिश राहत दिला रही है लेकिन बारिश के रुकते ही उमस परेशान कर रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिन में प्रदेश के कुछ हिस्सों में मानसून सक्रिय हो सकता है, लेकिन तब तक लोगों को गर्मी और उमस से जूझना पड़ेगा। उधर आंकड़ों पर नजर डालें तो सोमवार को दून में दिन का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सुबह से ही उमस भरी धूप ने परेशान किया। हालांकि दोपहर मौसम बदला और तेज दौर की बारिश ने राहत दिलाई। जिसके चलते रात का तापमान सामान्य रहा। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों में भी देखने को मिला।

पौड़ी, पिथौरागढ़ए बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट

प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में मंगलवार को तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि अन्य जिलों में भी बिजली चमकने और तेज दौर की बारिश की संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ इलाकों में भी बिजली चमकने और 40 किलाेमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

और पढ़े  देहरादून- आज दून में गृहमंत्री: एयरपोर्ट पर शाह का स्वागत, राज्योत्सव से पुलिस लाइन तक दो आयोजन, जनसभा में पहुंचे लोग
  • Related Posts

    देहरादून: डीजीपी से मिलीं जेनी, हरक सिंह पर लगाए गंभीर आरोप, बेटे के डीएनए टेस्ट और CBI जांच की मांग

    जेनी उर्फ इंदिरा देवी ने उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करने और मामले की सीबीआई…

    केदारनाथ: दिवाली पर भव्य सजा बाबा केदार का दरबार, 20 कुंतल फूलों से सजा धाम, भैरवनाथ मंदिर के कपाट हुए बंद

    दीपावली के पावन पर्व पर केदारनाथ धाम को करीब 18 से 20 क्विंटल रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। बाबा केदार के दरबार और मंदिर परिसर की भव्य सजावट श्रद्धालुओं…