लखनऊ में शुक्रवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम लोकभवन में शाम 4.00 बजे से शुरू हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिषदीय विद्यालयों के 66 व माध्यमिक शिक्षा विभाग के 15 शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व मॉनिटरिंग के लिए टैबलेट, विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की स्थापना के लिए प्रधानाचार्यों को टैबलेट व प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि बेसिक शिक्षा ने बाल वाटिका का एक नया रूप लाया है। इस सत्र में पांच हजार से अधिक बाल वाटिकाएं शुरू हो चुकी हैं। यहां पढ़ने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री पोषण से जोड़ने जा रहे हैं। बच्चा स्वस्थ होगा तो देश का भविष्य भी सुधरेगा। देश के अंदर सबसे ज्यादा प्रगति यूपी की बेसिक शिक्षा ने किया है। ये अलग-अलग संस्थाओं के सर्वे में साबित हो चुका है। 60 लाख से अधिक बच्चे यूपी के परिषदीय स्कूलों में पढ़ाई कर रहे हैं।







