अयोध्या : मुख्यमंत्री योगी ने किये रामलला के दर्शन व उतारी आरती, पुजारी ने कहा आप पर बरस रही रामलला की कृपा।।

मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को सीएम योगी आदित्यनाथ पहली बार अयोध्या पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले हनुमंतलला व श्रीरामलला के दरबार में श्रद्धा अर्पित की। उसके बाद राममंदिर निर्माण की प्रगति भी देखी।
रामजन्मभूमि में दर्शन के दौरान मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने सीएम योगी आदित्यनाथ को जीत की बधाई देते हुए जब कहा कि आप पर रामलला की कृपा बरस रही है। सीएम योगी मुस्कुराए और रामलला के सम्मुख सिर नवाकर पूरी कृतज्ञता प्रकट की। सीएम योगी ने करीब 10 मिनट तक रामलला की पूजा-अर्चना की और आरती उतारी। पुजारी सत्येंद्र दास ने उन्हें रामनामी व रामचरित मानस भेंट की। इसके बाद मुख्यमंत्री हनुमंतलला के दरबार पहुंचे और विधिविधान पूर्वक दर्शन-पूजन व आरती उतारी। यहां उन्होंने महंत संतराम दास से भी भेंट की। संतराम दास ने उन्हें रामनामा भेंट कर स्वागत अभिनंदन किया। अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता महंत गौरीशंकर दास, महंत बलरामदास, पुजारी रमेश दास व पुजारी राजूदास द्वारा भी योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन किया गया।
सीएम योगी आदित्यनाथ राममंदिर निर्माण कार्य स्थल पर भी गए और मंदिर निर्माण की प्रगति देखी। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से सीएम योगी आदित्यनाथ का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। चंपत राय ने सीएम को मंदिर निर्माण की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि अभी प्लिंथ का काम चल रहा है। जुलाई से मंदिर का गर्भगृह आकार लेने लगेगा। सीएम ने राममंदिर के प्लिंथ में लगने वाले पत्थरों को प्रणाम करते हुए श्रद्धा प्रकट की। साथ ही साथ मंदिर निर्माण कार्य में लगे इंजीनियरों व मजदूरों का भी उत्साहवर्धन करते हुए उनके साथ फोटो कराई। इस दौरान ट्रस्टी डॉ.अनिल मिश्र, बिमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र, महंत दिनेंद्र दास सहित अन्य मौजूद रहे।

और पढ़े  UP: प्रदेश में सरकारी नौकरी सत्यापन के बदले गए नियम, इन आरोपों में लिप्त पाए जाने पर चली जाएगी जॉब

अब तो आप बुलडोजर बाबा भी हो गए
रामजन्मभूमि में दर्शन के दौरान प्रधान अर्चक आचार्य सत्येंद्र दास ने सीएम योगी को जीत की बधाई दी और कहा कि आप जनता में लोकप्रिय तो पहले से ही थे, अब जनता आप को बुलडोजर बाबा भी कहने लगी है। अब आप बुलडोजर बाबा भी हो गए, इस पर सीएम योगी आदित्यनाथ मुस्कुराए और बोले सब राम जी की कृपा है। संतों का आशीर्वाद है। यह कृपा अहर्निश मिलती रही यही कामना है।

हनुमानगढ़ी में शीघ्र बनेगी व्यायाम शाला
हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के दौरान संतों ने सीएम योगी आदित्यनाथ से हनुमानगढ़ी में आधुनिक सुविधाओं से युक्त व्यायाम शाला की मांग दोहराई। अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता महंत गौरीशंकर दास ने उन्हें व्यायाम शाला के निर्माण की याद दिलाई। योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से वार्ता की और संतों को आश्वस्त किया कि जल्द ही हनुमानगढ़ी में व्यायाम शाला का निर्माण हो जाएगा। बताते चलें कि हनुमानगढ़ी में अखाड़ा की परंपरा सदियों से हैं। हनुमानगढ़ी से निकले कई नामचीन पहलवानों ने कुश्ती कला में पूरे देश में अयोध्या का मान बढ़ाने का काम किया है।

  • Related Posts

    दीपावली पर सीएम योगी का बड़ा तोहफा, आज 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर होंगे 1,500 करोड़

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रदेश की महिलाओं और उनके परिवारों को दीपावली का बड़ा उपहार देने जा रहे हैं। लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में…

    संजय सिंघल ने संभाला आईटीबीपी प्रमुख का अतिरिक्त कार्यभार, एसएसबी डीजी भी हैं यूपी कैडर के आईपीएस

    भारतीय पुलिस सेवा के 1993 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ अधिकारी संजय सिंघल, आईपीएस ने केंद्र सरकार के आदेशानुसार रविवार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के महानिदेशक…