मुख्यमंत्री धामी ने बुधवार को चमोली जिले में 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं से पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-धंसाव से सुरक्षा और पुलिस व अग्निशमन सुविधाओं को मजबूती देने पर जोर दिया गया है।
इसके साथ ही सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग के सुधार व डामरीकरण और कारगिल शहीद रणजीत सिंह मोटर मार्ग के नवीनीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया। गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से बने फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये से निर्मित थाना भवन का भी लोकार्पण हुआ। इन योजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।








