हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के गोभड़ता से सरकाघाट आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस हवाणी में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आठ यात्री घायल हो गए। घायलों में चालक भी शामिल है। हादसा शनिवार सुबह 8:30 बजे पेश आया। शनिवार को सरकाघाट डिपो की बस गोभड़ता से सरकाघाट जा रही थी कि अचानक हवाणी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे में चालक परिचालक सहित आठ यात्री घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल सरकाघाट में उपचार के लिए ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के लिए बस चालक दिनेश कुमार को बिलासपुर स्थित एम्स तथा महिला कौशल्या देवी को नेरचौक के लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल काॅलेज रेफर किया है। है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में कलपुर्जे के टूटने की जोरदार आवाज के बाद बस अनियंत्रित हुई है। यह बस गोभड़ता से सुबह पौने सात बजे सरकाघाट के लिए रवाना हुई। बस में चालक, परिचालक के साथ छह अन्य यात्री सवार थे। करीब 8:30 बजे जैसे ही बस हवाणी के निकट पहुंची तो अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। बस में बैठी कौशल्या देवी ने बताया कि बस में किसी चीज के टूटने जैसी आवाज आई। इसके बाद बस पर से चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क से नीचे पलट गई। बस के पलटने से वहां पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घटनास्थल पर पहुंच कर घायलों को बस से बाहर निकाल निजी वाहनों में अस्पताल पहुंचाया।









