BJP सांसद की बेटी ने प्रधान के इस्तीफे का मनाया जश्न, मचा बवाल; इंस्टा अकाउंट बंद

केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भुवनेश्वर से भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी की बेटी अर्चिता सचिन राहर की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने ओडिशा भाजपा में नाराजगी पैदा कर दी है। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच इस पोस्ट को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

राहर ने इंस्टाग्राम पर राष्ट्रीय ध्वज की पृष्ठभूमि में धर्मेंद्र प्रधान की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के भारी विरोध प्रदर्शन के बीच धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दे दिया।” हालांकि, अब अर्चिता राहर का इंस्टाग्राम अकाउंट बंद हो गया है।
बेटी के पोस्ट पर क्या रही सांसद कार्यालय की प्रतिक्रिया?
वहीं, ओडिशा भाजपा के नेताओं, जिनमें उनकी मां अपराजिता सारंगी भी शामिल हैं, ने धर्मेंद्र प्रधान के प्रति सहानुभूति जताई। सांसद के कार्यालय सहायक धनेश्वर बारिक ने पीटीआई से फोन पर कहा, “हर व्यक्ति को अपने विचार व्यक्त करने का अधिकार है। उनकी बेटी जेन-जी पीढ़ी से है और उसने कहा है कि वह अपने बयान पर कायम है। उसे अपनी बात कहने का पूरा अधिकार है।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या राहर की सोशल मीडिया पोस्ट से भुवनेश्वर सांसद मुश्किल में पड़ सकती हैं, तो बारिक ने कहा, “यह तो समय ही बताएगा।” हालांकि, इस मामले पर प्रतिक्रिया के लिए दो बार की सांसद अपराजिता सारंगी उपलब्ध नहीं हो सकीं। सूत्रों ने बताया कि धर्मेंद्र प्रधान के कार्यालय से फोन आने के बाद सांसद ने अपनी बेटी से पोस्ट हटाने के लिए कहा था। हालांकि, काफी देर तक यह पोस्ट उनकी प्रोफाइल पर बनी रही। बाद में उनका इंस्टाग्राम अकाउंट बंद हो गया।

और पढ़े  ऐतिहासिक : तिरुपति मंदिर में दंपति ने दान किया 121 किलो सोना, भगवान वेंकटेश्वर को मिला सबसे बड़ा चढ़ावा

अर्चिता सचिन राहर ने किया था क्या पोस्ट?
राहर ने एक और सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “डीपी (धर्मेंद्र प्रधान) के निजी सहायक, जो मेरी मां को मेरी पिछली स्टोरी हटाने के लिए संदेश भेजने वाले हैं (ऐसा पहले भी हो चुका है), उनसे कहना चाहती हूं कि परेशान न हों। मैं इसे नहीं हटाऊंगी। जय जगन्नाथ! जय हिंद!”

बेटी के अपने रुख पर कायम रहने के बाद अपराजिता सारंगी ने शनिवार रात एक्स पर लिखा, “धर्मेंद्र प्रधान ने आज अपना इस्तीफा सौंप दिया। नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए इस्तीफा देना बहुत साहस का काम है। इस कठिन समय में मैं उनके साथ हूं। आने वाले दिनों के लिए उन्हें मेरी शुभकामनाएं। भगवान जगन्नाथ उन पर अपनी कृपा बनाए रखें।”

ओडिशा में भाजपा नेताओं ने जताई नाराजगी
ओडिशा भाजपा के नेताओं ने राहर की पोस्ट की आलोचना की। भुवनेश्वर सेंट्रल विधानसभा सीट से 2024 का चुनाव हार चुके भाजपा नेता जगन्नाथ प्रधान ने कहा, “प्रधान इस मिट्टी के बेटे हैं। उनके इस्तीफे से हमें गहरा दुख पहुंचा है। ओडिशा के लोगों ने बिहार की बेटी (अपराजिता) का स्वागत किया और उन्हें दो बार सांसद बनाया।”

उन्होंने आगे कहा, “सारंगी को अपने परिवार के सदस्यों पर नियंत्रण रखना चाहिए। उनकी बेटी ने प्रधान के खिलाफ जो टिप्पणी की है, उसके लिए उन्हें ओडिशा से माफी मांगनी चाहिए। एक शिक्षित व्यक्ति होने के नाते सांसद की बेटी को धर्मेंद्र प्रधान जैसे नेता के खिलाफ ऐसे बयान नहीं देने चाहिए, जिन्होंने ओडिशा और भारत के लिए बड़ा योगदान दिया है।”

सोशल मीडिया पर बना चर्चा का विषय
भाजपा के एक अन्य वरिष्ठ नेता ने कहा, “भाजपा एक परिवार है और जब भी परिवार का कोई सदस्य मुश्किल में हो, सभी को उसके साथ खड़ा होना चाहिए। सारंगी की बेटी का पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के खिलाफ जाना भाजपा जैसे अनुशासित दल में स्वीकार्य नहीं है।” इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी व्यापक चर्चा हो रही है।

  • Related Posts

    रूस को बड़ा झटका: उत्तर कोरिया ने रोकी मिसाइलों और हथियारों की आपूर्ति, क्या बदलेगा जंग का समीकरण?

    उत्तर कोरिया ने रूस को सैन्य मदद रोक दी है। प्योंगयांग ने मॉस्को के साथ अपना सैन्य सहयोग अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इसमें केएन-23 बैलिस्टिक मिसाइलों की…

    2026 वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप-: गुकेश-सिंदारोव के बीच लगातार तीसरा गेम ड्रॉ, किसका पलड़ा भारी? जानें अब तक का हाल

    इतिहास की सबसे युवा फीडे (FIDE) वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप 2026 में भारत के डिफेंडिंग चैंपियन डी गुकेश (20 वर्ष) और उज्बेकिस्तान के चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव (20 वर्ष) के बीच कांटे…