Views: 8,530
पिछले कई दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता चल रहे वरिष्ठ अधिवक्ता और पूर्व सभासद धीरेंद्र परिहार के मामले में मंगलवार को एक नया मोड़ आ गया। नगर के बाहर थुणाई के समीप गोमती नदी के किनारे अधिवक्ता का शव मिलने की आशंका के चलते मौके पर पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों का भारी जमावड़ा लग गया।
सूचना मिलते ही पूरे जिले के प्रशासनिक और पुलिस अमले में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले के सभी थानों की पुलिस फोर्स और फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीमों को तत्काल मौके पर भेज दिया गया है। थुणाई के समीप नदी वाले प्वाइंट पर पुलिस बल की मौजूदगी में नदी के बहाव और आसपास के इलाकों में गहन खोजबीन अभियान चलाया जा रहा है।
घटना की खबर फैलते ही अधिवक्ता समाज, जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक थुणाई नदी तट की ओर दौड़ पड़े। मौके पर उमड़ी भीड़ और अनहोनी की आशंका के बीच पूरे जिले में गहरा तनाव और शोक का माहौल व्याप्त है। पुलिस अधिकारी स्वयं मौके पर मोर्चा संभाले हुए हैं और रेस्क्यू टीम की मदद से स्थिति को स्पष्ट करने में जुटे हैं।