बदरीनाथ हाईवे – भनेरपाणी में तीन घंटे बंद रही आवाजाही, जाम से तीर्थयात्री रहे परेशान, नहीं मिला पानी

बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीपलकोटी के समीप स्थित भनेरपाणी भूस्खलन क्षेत्र में बृहस्पतिवार को करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा। पहाड़ी से लगातार गिर रहे मलबे और बड़े-बड़े बोल्डरों को हटाने के लिए एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) की ओर से मशीनें लगाई गईं, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे हजारों तीर्थयात्रियों को जाम में फंसकर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बृहस्पतिवार को मौसम सामान्य रहने के कारण एनएचआईडीसीएल ने भनेरपाणी में चट्टान पर अटके बोल्डरों को हटाने का काम किया। लेकिन इस काम से बार-बार यातायात बाधित होता रहा। बृहस्पतिवार को अपराह्न एक बजे बोल्डरों को हटाने का काम शुरू हुआ, जो अपराहृन चार बजे तक चलता रहा।

इस दौरान यातायात बाधित रहने के कारण छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कत हुई। लंबे समय तक वाहनों में फंसे रहने से यात्रियों को पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव झेलना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि भनेरपाणी क्षेत्र में आसपास कोई दुकान नहीं होने से यात्रियों को पानी तक उपलब्ध नहीं हो सका।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी ने एनएचआईडीसीएल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि भूस्खलन क्षेत्र में मलबा और बोल्डर हटाने का कार्य दिन के बजाय रात्रि में किया जाना चाहिए, ताकि चारधाम यात्रा प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि दिन में काम होने से रोजाना लंबा जाम लग रहा है और तीर्थयात्रियों को अनावश्यक परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। स्थानीय लोगों ने भी हाईवे पर यातायात प्रबंधन बेहतर करने की मांग की है।

और पढ़े  उत्तराखंड: रोडवेज प्रबंधन से वार्ता बेनतीजा, समान वेतन-नियमितीकरण की मांग, अनिश्चितकालीन हड़ताल पर कर्मचारी
  • Related Posts

    बदरीनाथ धाम: कपाट बंद होने से पहले उत्साह, श्रद्धालुओं की संख्या 22 लाख के पार, रोज पहुंच रहे 10 हजार से अधिक

    बदरीनाथ धाम की यात्रा अंतिम चरण में चल रही है। लेकिन तीर्थ यात्रियों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। धाम में हर दिन 10 हजार से अधिक यात्री दर्शन के…

    देहरादून: मुख्यमंत्री ने देवभूमि परिवार पोर्टल का किया शुभारंभ, विकसित उत्तराखंड विजन-2047 का विमोचन

    मुख्यमंत्री धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का विमोचन भी किया।…