मकर संक्रांति के पावन पर्व पर आज अयोध्या में आस्था का सैलाब उमड़ने की संभावना है। प्रशासनिक आकलन के अनुसार सरयू स्नान के लिए करीब पांच लाख श्रद्धालु राम नगरी पहुंच सकते हैं। तड़के सुबह से ही सरयू घाटों पर स्नान-दान का सिलसिला शुरू हो जाएगा। उधर प्रशासन ने भी सुविधा व सुरक्षा के इंतजाम पूरे कर लिए हैं। नयाघाट पर मेला कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि अयोध्या समेत आसपास के जिलों अंबेडकरनगर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, गोंडा, बस्ती से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। मकर संक्रांति पर सूर्य के मकर राशि में प्रवेश को लेकर स्नान-दान का विशेष महत्व माना जाता है, इसी कारण श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। वहीं बुधवार को एकादशी तिथि पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पावन सलिला सरयू में डुबकी लगाई और मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। रामलला व हनुमंतलला के दरबार में लंबी कतारें लगी रही। नयाघाट पर मेला कंट्रोल रूम व खोया-पाया कैंप सक्रिय कर दिया गया है। यह सुविधा पूरे माघ मेला तक जारी रहेगी।







