19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अयोध्या आगमन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति इस दौरान राम जन्मभूमि मंदिर के द्वितीय तल पर श्रीराम यंत्र स्थापित करेंगी। कार्यक्रम को देखते हुए नगर निगम शहर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और जनसुविधाओं को दुरुस्त करने में जुटा है। इसी सिलसिले में शुक्रवार को महापौर गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर निगम के तिलक हॉल में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
महापौर ने अधिकारियों को अंडरपास, बृहस्पति कुंड, लता चौक, राम की पैड़ी, सरयू तट सहित प्रमुख स्थानों पर विशेष सफाई, सजावट और पेयजल की व्यवस्था करने को कहा। इसके अलावा अतिथियों के ठहरने के लिए चिह्नित स्थलों, वाहन पार्किंग, भंडारा स्थलों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और टैक्सी स्टैंड पर विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। महापौर ने 20 पार्किंग स्थलों पर सफाई के साथ प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 17 मार्च तक नालियों में एंटी-लार्वा का छिड़काव पूरा कर लिया जाएगा।
जरूरत के अनुसार रैन बसेरों और वाटर एटीएम की मरम्मत व सफाई भी कराई जाएगी। करीब साढ़े आठ किलोमीटर लंबे मार्ग पर सफाई, मोबाइल टॉयलेट और पेयजल के लिए टैंकर उपलब्ध रहेंगे। मार्ग के विभिन्न स्थानों पर प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के स्थलों पर भी सफाई और पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, भारत भार्गव, सुमित कुमार, जलकल महाप्रबंधक सौरभ श्रीवास्तव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राममणि शुक्ल व सहायक नगर आयुक्त गुरुप्रसाद पांडेय सहित सभी जोनल अधिकारी मौजूद रहे।









