एशियन गेम्स 2026 में 27 सितंबर को भारत के लिए कई अहम मुकाबले होंगे। मनु भाकर शूटिंग में उतरेंगी, जबकि भारतीय तीरंदाज सेमीफाइनल में जगह पक्की करने उतरेंगे। हरजिंदर कौर भारोत्तोलन में पदक के लिए दावेदारी पेश करेंगी। स्क्वैश में अभय सिंह और अनाहत सिंह के फाइनल मुकाबले होंगे। एथलेटिक्स में भी कई भारतीय पदक की रेस में होंगे।
शूटिंग में ट्रैप में भारतीय पुरुष टीम सातवें स्थान पर
शूटिंग के पुरुष ट्रैप इवेंट में भारतीय निशानेबाजों का प्रदर्शन फिलहाल औसत रहा है। व्यक्तिगत वर्ग में किनान चेनाई 47 अंकों के साथ 11वें स्थान पर हैं। शपथ भारद्वाज 45 अंकों के साथ 22वें, जबकि अहवर रिजवी 41 अंकों के साथ 35वें स्थान पर हैं। पुरुष ट्रैप की टीम स्टैंडिंग में भारत की दोनों टीमें फिलहाल सातवें स्थान पर हैं। हालांकि, मुकाबले में अभी दो दिन का खेल बाकी है, ऐसे में भारतीय निशानेबाजों के पास अपनी स्थिति में सुधार करने का मौका है। ट्रैप इवेंट में अभी दो दिन की प्रतियोगिता शेष है। भारतीय निशानेबाज आने वाले दौर में बेहतर प्रदर्शन के साथ पदक की दौड़ में वापसी की कोशिश करेंगे।

तीरंदाजी में रिकर्व की पुरुष और महिला टीम सेमीफाइनल में
भारत ने रिकर्व वर्ग के क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला दोनों टीमों के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पुरुष टीम ने चीन को 5-1 से हराया, जबकि महिला टीम ने चीनी ताइपे को 6-0 से शिकस्त दी। भारतीय पुरुष रिकर्व टीम ने क्वार्टर फाइनल में चीन के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया। भारत ने यह मुकाबला 5-1 से अपने नाम करते हुए सेमीफाइनल का टिकट कटाया। महिला रिकर्व टीम ने चीनी ताइपे के खिलाफ एकतरफा मुकाबला खेला। भारतीय टीम ने 6-0 से जीत दर्ज की और अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की। इन दोनों जीत के साथ भारत की पुरुष, महिला और मिक्स्ड रिकर्व टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। तीनों टीमों के सेमीफाइनल मुकाबले 2 अक्टूबर, 2027 को खेले जाएंगे। आज के लिए तीरंदाजी का एक्शन यहीं खत्म हो गया है। अब कल से कंपाउंड के व्यक्तिगत मुकाबलों की शुरुआत होगी।


वेटलिफ्टिंग में हरजिंदर नौवें स्थान पर, भारत का अभियान एक पदक के साथ खत्म
भारत का एशियन गेम्स में वेटलिफ्टिंग अभियान खत्म हो गया है। महिला 69 किलोग्राम वर्ग में हरजिंदर कौर कुल 204 किलोग्राम वजन उठाकर नौवें स्थान पर रहीं। हरजिंदर ने स्नैच राउंड में तीन प्रयास किए, लेकिन वह 94 किलोग्राम से आगे नहीं बढ़ सकीं। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में उन्होंने सिर्फ एक प्रयास किया और 110 किलोग्राम वजन उठाया। दोनों राउंड को मिलाकर हरजिंदर का कुल वजन 204 किलोग्राम रहा और उन्हें नौवें स्थान से संतोष करना पड़ा। भारत के वेटलिफ्टर एशियन गेम्स से एक पदक के साथ लौटेंगे। यह पदक स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने जीता। हरजिंदर के नौवें स्थान पर रहने के साथ भारत का वेटलिफ्टिंग अभियान अब समाप्त हो गया है।

बैडमिंटन में भारत का सफर समाप्त
बैडमिंटन में भारत का सफर आज समाप्त हो गया। भारत बैडमिंटन में चार स्पर्धाओं में क्वार्टर फाइनल से बाहर हुआ। पीवी सिंधू को भी क्वार्टर में चीन की विश्व नंबर-4 चेन यू फेई के खिलाफ 21-11, 18-21, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा। सिंधू ने पहला गेम जीता था, लेकिन उसके बाद दो गेम हारकर बाहर हो गईं। इससे पहले उन्नति हूडा को क्वार्टर फाइनल में जापान की अकाने यामागुची के खिलाफ हार मिली। वहीं, मिक्स्ड डबल्स में तनीषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला को दुनिया की नंबर एक जोड़ी चीन के फेंग यान्झे और हुआंग डोंगपिंग से हार मिली। महिला डबल्स में वर्ल्ड चैंपियनशिप की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद को दुनिया की नंबर पांच जोड़ी मलयेशिया की पर्ली टैन और थिनाह मुरलीधरन से हार मिली। एशियाई खेलों में बैडमिंटन में भारत को निराशा मिली है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

दूसरा गेम हारीं सिंधू
पहला गेम 21-11 से जीतने के बाद सिंधू दूसरे गेम में 21-18 से हार गई हैं। अब मुकाबला तीसरे और निर्णायक गेम में जा चुका है। जीतने वाली खिलाड़ी सेमीफाइनल में पहुंचेगी और पदक पक्का हो जाएगा।

बैडमिंटन में पीवी सिंधू बनाम चेन यूफेई
भारत की बैडमिंटन में आखिरी बची उम्मीद पीवी सिंधू एशियन गेम्स के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में उतर चुकी हैं। उनका सामना दुनिया की नंबर चार खिलाड़ी चीन की चेन यूफेई से हो रहा है। सिंधू अगर यह मुकाबला जीत लेती हैं तो महिला एकल में भारत का पदक पक्का हो जाएगा। पीवी सिंधू ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की है। उन्होंने चेन यूफेई को पहले गेम में 21-11 से हराकर बढ़त बना ली है। सिंधू ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और आसानी से पहला गेम अपने नाम किया। इस मुकाबले का लाइव प्रसारण उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मुकाबले से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें।







