IND vs PAK Match: क्रिकेट के मैदान में भी अलग पाकिस्तान,भारत ने ऐसे किया बहिष्कार,जीतने के बाद नहीं मिलाए हाथ

एशिया कप 2025 का महामुकाबला रविवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर खेला गया। भारत ने पाकिस्तान को 25 गेंदों के शेष रहते सात विकेट से हराकर मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। इसके बाद वह पवेलियन की तरफ लौट आए। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया और बहिष्कार किया। ऐसा ही बाकी खिलाड़ियों ने भी किया।

 

पुरस्कार समारोह में नहीं आए पाकिस्तान के कप्तान
मैच के बाद हुए पुरस्कार समारोह में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा नहीं आए। उनके कोच माइक हेसन ने मुकाबले के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में माना कि कड़वाहट बढ़ गई है। हेसन ने कहा, ‘हम हाथ मिलाना चाहते थे, लेकिन निराश हैं कि विरोधी टीम ने ऐसा नहीं किया। हम जिस तरह से खेले, उससे निराश हैं, लेकिन हम हाथ मिलाना चाहते थे।’ उन्होंने आगे कहा, ‘जो कुछ हुआ, उसके बाद सलमान का मैच के बाद की प्रस्तुति के लिए न आना एक कारण और प्रभाव था।’ बता दें कि, इससे पहले टॉस के बाद भी दोनों कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाए थे।

 

पाकिस्तान को सात विकेट से रौंदा
इस मैच में पहले भारतीय गेंदबाजों ने अपना क्लास दिखाते हुए पाकिस्तान पर दबाव बनाया था, इसके बाद अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी से टीम की जीत सुनिश्चित की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला पाकिस्तान के लिए भारी पड़ा और टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर केवल 127 रन बनाए। जवाब में भारत ने 15.5 ओवर में तीन विकेट पर 131 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

और पढ़े  चौथा टी20: भारत को 260 रनों का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने लगाया शतक,भारत को शुरुआती झटका, सैमसन पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट

 

भारत ने सुपर चार चरण के लिए लगभग क्वालिफाई किया
भारतीय गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों ने भी निराश नहीं किया और आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत को एक बार फिर अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन दोनों पावरप्ले में ही अपने विकेट गंवा बैठे। गिल 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक ने 31 रन बनाए। इसके बाद मोर्चा कप्तान सूर्यकुमार ने तिलक वर्मा के साथ संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी हुई। तिलक 31 रन बनाकर आउट हुए। फिर शिवम दुबे और सूर्यकुमार ने मिलकर भारत के लिए जीत की औपचारिकता पूरी की। भारत के लिए सूर्यकुमार 37 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद 47 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि दुबे 10 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान की ओर से तीनों विकेट सैम अयूब को मिले। भारत ने इसके साथ ही सुपर चार चरण के लिए दावा मजबूत कर लिया है।

  • Related Posts

    चौथा टी20: भारत को 260 रनों का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के लिए फिलिप्स ने लगाया शतक,भारत को शुरुआती झटका, सैमसन पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट

    भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज हो रहा है। भारतीय टीम पहले ही सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है।…

    भारतीय महिला टीम ने 121 रन से जीता मैच: दूसरे वनडे में जिम्बाब्वे 207 पर ऑलआउट, मेजबानों ने बनाई अजेय बढ़त

    हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा के शानदार शतकों के बाद बाएं हाथ की स्पिनर वैष्णवी शर्मा की घातक गेंदबाजी के दम पर भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को दूसरे वनडे…