नेपाल में सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर बैन हटने के बाद भी ओली सरकार के खिलाफ विरोध की आग अभी शांत नहीं हुई है। कथित भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हालिया प्रतिबंध को लेकर सरकार के खिलाफ सोमवार को हुए बड़े विरोध प्रदर्शन के बाद मंगलवार सुबह होते ही एक बार फिर काठमांडू में प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए हैं। नेपाल की राजधानी काठमांडू सहित कई जिलों में अधिकारियों ने मंगलवार को अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया। काठमांडू जिला प्रशासन कार्यालय ने पूरे राजधानी शहर में सुबह 8:30 बजे से अगली सूचना तक कर्फ्यू के आदेश जारी किए। इस बीच, काठमांडू में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन को लेकर भारतीयों के संदर्भ में विदेश मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी ी है। इसमें नेपाल में रहने वाले भारतीयों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में कर्फ्यू लागू
काठमांडू के मुख्य जिला अधिकारी छबीलाल रिजाल ने यह नोटिस जारी किया। इसमें कहा गया है कि कर्फ्यू के दौरान लोगों की आवाजाही, किसी भी प्रकार के जमावड़े, प्रदर्शन, धरना, बैठक और धरने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, एम्बुलेंस, दमकल, स्वास्थ्य कर्मियों, पर्यटकों, मीडिया कर्मियों और हवाई यात्रियों को ले जाने वाले वाहनों सहित आपातकालीन सेवाओं को सुरक्षा कर्मियों के समन्वय में संचालित करने की अनुमति होगी।
वहीं, निकटवर्ती भक्तपुर जिले के प्रशासन ने भी पेप्सीकोला, राधेराधे चौक, सल्लाघारी, दुवाकोट और चांगु नारायण मंदिर सहित कई इलाकों में सुबह 8:30 बजे से अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है। ऐसे ही ललितपुर महानगर के कुछ हिस्सों में भी प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।







