उत्तरकाशी: नौ साल बाद सऊदी अरब से वतन लौटे इंद्रमणि नौटियाल, पिता को लाने के लिए बेटी ने छेड़ी थी मुहिम

उत्तरकाशी गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल आज शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंच गए। सऊदी अरब में लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया में उलझे रहने के बाद अब वह अपने परिवार के पास लौट सकेंगे। उनकी वापसी के लिए बेटी दीपिका नौटियाल ने लगातार प्रयास किए। उनकी अपील पर लोगों ने करीब 2.51 करोड़ रुपये की धनराशि जुटाई, जिससे सऊदी अरब की अदालत की ओर से तय मुआवजे की रकम जमा कराई जा सकी।

इंद्रमणि वर्ष 2018 में रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे। रियाद की एक निजी कंपनी में वह ट्रक चलाते थे। वर्ष 2019 में उनके ट्रक की एक कार से टक्कर हो गई थी। दुर्घटना में कार सवार पांच सऊदी नागरिकों की जान चली गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था।

इस मामले में सऊदी अरब की अदालत ने इंद्रमणि को करीब एक साल की कैद की सजा सुनाई थी। उन्होंने जेल की सजा पूरी कर ली, लेकिन मुआवजे की रकम जमा नहीं होने के कारण उनकी रिहाई और भारत लौटने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।

 

बीमा नहीं होने से बढ़ी मुश्किल

अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी के अनुसार, दुर्घटना के वक्त ट्रक का बीमा नहीं था। अदालत ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने के लिए 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल जमा कराने का आदेश दिया था। भारतीय रुपये में यह रकम करीब 2.51 करोड़ होती है। इतनी बड़ी राशि का इंतजाम करना इंद्रमणि के परिवार के लिए संभव नहीं था।

सोशल मीडिया पर अपील से शुरू हुआ अभियान

और पढ़े  रुद्रपुर: पूर्व कर्नल के परिवार पर हमला...सोने की चेन लूटी, कार के शीशे तोड़े

पिता की वापसी के लिए दीपिका ने हार नहीं मानी। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क करने के साथ ही सोशल मीडिया के जरिए लोगों से आर्थिक मदद मांगी। उनकी अपील का असर हुआ और उत्तरकाशी से शुरू हुई मुहिम देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों तक पहुंच गई।

इस अभियान में ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और प्रवासी भारतीयों सहित हजारों लोगों ने योगदान दिया। उत्तराखंड सरकार ने भी दो लाख रुपये की सहायता दी। टिहरी निवासी रोशन रतूड़ी ने भी धनराशि जुटाने और जरूरी औपचारिकताएं पूरी कराने में सहयोग किया। करीब दो महीने की कोशिशों के बाद जरूरी रकम जुटाई गई। इसके बाद 9.84 लाख सऊदी रियाल की राशि जमा कराई गई और रिहाई से संबंधित औपचारिकताएं पूरी हुईं। शुक्रवार को इंद्रमणि के दिल्ली पहुंचने के साथ ही परिवार का लंबा इंतजार खत्म हो गया।

  • Related Posts

    उत्तराखंड: कोटद्वार में वाहन खाई में गिरा, चालक समेत 8 लोगों की मौत,बैंक का काम निपटाकर लौट रही थीं महिलाएं

    पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक वैन अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर नीचे खाई…

    रुद्रपुर: पूर्व कर्नल के परिवार पर हमला…सोने की चेन लूटी, कार के शीशे तोड़े

    रुद्रपुर शहर के बिगवाड़ा गेट पर रास्ता पूछने के बहाने कार रुकवाई और फिर पूर्व कर्नल के परिवार को घेरकर हमला बोल दिया। चार-पांच बाइक और स्कूटी सवार हमलावरों ने…