उत्तराखंड: भाजपा ने जारी किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड, CM धामी बोले-तीसरी बार भी बनाएंगे सरकार

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने प्रदेश में धामी सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जारी कर दिया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया गया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह काम भाजपा ही कर सकती है। वर्ष 2022 में भी पार्टी अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच गई थी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता के आशीर्वाद से भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। जनता से जो वादे किए गए थे, उन्हें पूरा किया गया है या उन्हें पूरा करने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है।

सीएम बोले- लगातार तीसरी बार बनाएंगे सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में पहले यह मिथक था कि हर पांच साल में सरकार बदल जाती है, लेकिन जनता ने इस मिथक को तोड़ दिया। प्रदेश की जनता ने लगातार दूसरी बार भाजपा को सरकार बनाने का मौका दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए काम किया है और अपने कार्यों का लेखा-जोखा भी सामने रख रही है।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकताएं शुरू से स्पष्ट रही हैं। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना, महिलाओं को सशक्त बनाना, बच्चों को बेहतर शिक्षा देना और बुनियादी सुविधाओं के ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल में पर्यटन और परिवहन क्षेत्र के लिए 200 करोड़ रुपये का पैकेज दिया गया था। चिकित्सा क्षेत्र को भी 205 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। महामारी के दौरान माता-पिता को खोने वाले और अनाथ हुए बच्चों को वात्सल्य योजना के माध्यम से सहारा दिया गया।

और पढ़े  हरिद्वार: देव दिवाली की पूर्व संध्या पर 21 हजार दीपों से जगमगाई हरकी पैड़ी, रोशनी से नहाए घाट, की गई आतिशबाजी

धामी ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को रोजगार देने के लिए काम किया गया और नकल पर रोक लगाने के लिए सख्त नकलरोधी कानून बनाया गया। सरकार ने 11 हजार युवाओं को ऑनलाइन घर बैठे कोचिंग की सुविधा दी है। युवाओं के लिए जर्मनी और जापान में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि युवा आयोग के गठन की कार्रवाई चल रही है और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है

 

 

धामी बोले- बैणी-भुली योजना से सशक्त होंगी महिलाएं, पीएम आवास योजना में जल्द मिलेंगे 50 हजार मकान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बैणी-भुली योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इस योजना से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जल्द ही प्रदेश को 50 हजार मकान मिलने जा रहे हैं। इससे जरूरतमंद परिवारों को आवास की सुविधा मिल सकेगी। धामी ने बताया कि देवभूमि परिवार योजना में परिवार की सबसे वरिष्ठ महिला को परिवार का मुखिया माना गया है। इसके माध्यम से परिवार में महिलाओं की भूमिका और उनके महत्व को प्राथमिकता दी गई है।

जमरानी, लखवाड़ और किशाऊ बांध का रास्ता साफ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 50 हजार मकान मिलने जा रहे हैं। राज्य में 63 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। जमरानी बांध परियोजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह 10-12 साल के थे, तब से जमरानी बांध बनने और पानी आने के नारे सुनते आ रहे हैं। डबल इंजन सरकार आने के बाद इस दिशा में प्रयास शुरू हुए। आज जमरानी बांध निर्माण की प्रक्रिया में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि लखवाड़, सौंग और किशाऊ बांध परियोजनाएं लंबे समय से उलझी हुई थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इनके बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। किशाऊ परियोजना में सभी राज्यों ने आगे आकर भाग लिया है।

और पढ़े  रुद्रपुर: पूर्व कर्नल के परिवार पर हमला...सोने की चेन लूटी, कार के शीशे तोड़े

आपदा प्रबंधन विभाग को ब्रिक्स में सराहना मिली
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन विभाग को ब्रिक्स में सराहना मिली है। सिलक्यारा सुरंग में जब बचाव अभियान चल रहा था, तब इसकी टीआरपी विश्व कप से भी ज्यादा थी। उन्होंने वन्यजीवों के हमलों को प्रदेश के लिए बड़ी चुनौती बताया। कहा कि प्रभावितों को दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। शहीद सैनिकों के सम्मान में उनकी प्रतिमाएं उनके आवास के आसपास या गांव में स्थापित की जाएंगी। धामी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद हुए सभी चुनावों में जनता ने उन्हें आशीर्वाद दिया है। सरकार आगे भी जनता की सेवा करती रहेगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के संकल्प पत्र में यूसीसी और तीन सिलिंडर देने समेत कई योजनाओं का वादा किया गया था। सरकार ने इन योजनाओं को शुरू किया है और संकल्प पत्र के वादे धरातल पर उतरेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश की सरकारों में वह नेतृत्व क्षमता नहीं थी, जो किशाऊ जैसी परियोजनाओं को आगे बढ़ा सके।

 

 

पार्टी हर साल अपने कार्यक्रमों और योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाती: भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी हर साल अपने कार्यक्रमों और योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाती है, लेकिन चुनाव के समय पूरे कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने रखना जरूरी है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री धामी सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र के सामने जो भी योजनाएं रखीं, उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने तवज्जो दी। इससे प्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली। निकाय और पंचायत चुनाव समेत विभिन्न चुनावों में पार्टी को जनता का समर्थन मिला है। भाजपा अपने विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जा रही है।

और पढ़े  हल्द्वानी: 29 जोड़ों का सामूहिक विवाह, पुनर्नवा समिति ने गृहस्थी का सामान देकर निभाई जिम्मेदारी

कार्यक्रम में भाजपा प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक और तीरथ सिंह रावत भी मौजूद रहे।

  • Related Posts

    उत्तराखंड: कोटद्वार में वाहन खाई में गिरा, चालक समेत 8 लोगों की मौत,बैंक का काम निपटाकर लौट रही थीं महिलाएं

    पौड़ी जिले के रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक वैन अनियंत्रित होकर करीब सौ मीटर नीचे खाई…

    उत्तरकाशी: नौ साल बाद सऊदी अरब से वतन लौटे इंद्रमणि नौटियाल, पिता को लाने के लिए बेटी ने छेड़ी थी मुहिम

    उत्तरकाशी गाजणा क्षेत्र के गोरसाड़ा गांव निवासी इंद्रमणि नौटियाल आज शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंच गए। सऊदी अरब में लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया में उलझे रहने के बाद अब वह अपने…