सपा ने अपने सांसदों को जारी किया व्हिप
समाजवादी पार्टी ने लोकसभा में अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। पार्टी के मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव ने निर्देश दिया है कि सभी सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक सदन में मौजूद रहें। साथ ही, सदन में पेश होने वाले विधेयकों का विरोध करें।
स्टालिन ने राहुल गांधी का आभार जताया
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने द्रमुक की ओर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी का आभार जताया। उन्होंने संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में द्रमुक की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए राहुल गांधी को धन्यवाद दिया।
स्टालिन ने कहा कि वे हमेशा हर फैसला तमिलनाडु और वहां के तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखकर लेते हैं। उन्होंने साफ किया कि वे इस रास्ते से पीछे नहीं हटेंगे।
स्टालिन ने कहा, मुझे पूरा भरोसा है कि इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में याद रखेगा, न कि एट्टप्पन के रूप में। उन्होंने यह बात राहुल गांधी की ओर से द्रमुक की भूमिका को स्वीकार किए जाने के जवाब में कही।
इससे पहले राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा था कि विपक्षी गठबंधन के वरिष्ठ नेता और वह खुद चेन्नई जा रहे हैं। वहां वे एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे। वे स्टालिन और द्रमुक से परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील करेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करना भारत में लोकतंत्र को खत्म कर देगा। इससे भाजपा और आरएसएस को पूरा चुनावी नक्शा अपने फायदे के हिसाब से बदलने की खुली छूट मिल जाएगी। राहुल गांधी ने कहा कि भाई स्टालिन हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ चट्टान की तरह खड़े रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित, तमिलनाडु के हित और संविधान की रक्षा के लिए हमें इस विधेयक को मिलकर हराना होगा।
राहुल गांधी को 2029 के चुनाव में हार का डर: परिसीमन पर बोम्मई ने कांग्रेस को घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक का एक प्रतिनिधिमंडल आज द्रमुक के एमके स्टालिन और एनसीपी-एससीपी के शरद पवार से मुलाकात करेगा। इस पर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने कहा, द्रमुक कांग्रेस की सबसे पुरानी और बेहद भरोसेमंद सहयोगी रही है। लेकिन सत्ता के लालच में कांग्रेस ने मंत्री पद पाने के लिए टीवीके का साथ पकड़ लिया। उसने अपने पुराने और वफादार साथी को छोड़ दिया। इससे द्रमुक को गहरा झटका लगा है। उसने फैसला कर लिया है कि अब वह कांग्रेस से न तो जुड़ना चाहती है और न ही उस पर भरोसा करना चाहती है। मुझे लगता है कि द्रमुक अपने फैसले पर दोबारा विचार नहीं करेगी।
उन्होंने आगे कहा, राहुल गांधी डर में जी रहे हैं। उन्हें डर है कि 2029 के चुनाव में कांग्रेस को करारी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने परिसीमन को लोकतंत्र की मौत बताया है। बाबा साहेब आंबेडकर के नेतृत्व में संविधान बनाने वाले हमारे पूर्वजों ने संविधान में यह प्रावधान किया था कि आबादी बढ़ने के साथ परिसीमन किया जाएगा। ऐसा इसलिए किया गया, क्योंकि संविधान कहता है कि सभी को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। हमारा देश प्रतिनिधि लोकतंत्र है।
बोम्मई ने कहा, राहुल गांधी के बयान पर मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि परिसीमन का पिछला आधार 1971 था। 1971 की जनगणना के आधार पर 1976 में परिसीमन किया गया था। उस समय देश का राजनीतिक नक्शा फिर से बनाया गया था। लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 534 कर दी गई थी। यह काम कांग्रेस के नेतृत्व में हुआ था। तो क्या हमें उस समय भी इसे लोकतंत्र की मौत कहना चाहिए?
उन्होंने आगे कहा, कांग्रेस जब सत्ता में होती है, तब भी यही परिसीमन करना चाहती है, ताकि राजनीतिक रूप से अपने फायदे के लिए इसमें बदलाव कर सके। मौजूदा परिसीमन में भी आधार 1971 की जनगणना ही है। लेकिन लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण 2011 की जनगणना के आधार पर होगा। यह बात बिल्कुल स्पष्ट कर दी गई है। किसी भी राज्य के साथ कोई छेड़छाड़ या भेदभाव किए बिना सभी राज्यों की सीटें समान अनुपात में 50 फीसदी बढ़ाई जाएंगी। इसी तरह विधानसभा सीटों में भी 50 फीसदी की बढ़ोतरी होगी।
बोम्मई ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मामले में बेहद न्यायसंगत रुख अपनाया है। इसी वजह से सभी दल इस प्रस्ताव पर सहमत हो रहे हैं। इनमें द्रमुक, शरद पवार की पार्टी, वाईएसआरसीपी और बीआरएस जैसे दल शामिल हैं। ये सभी दल तटस्थ हैं या विपक्ष में हैं। इसके बावजूद वे इस प्रस्ताव पर सहमत हो रहे हैं। इसलिए यह एक सोच-समझकर लिया गया फैसला है।
अभिषेक बनर्जी के आवास से रवाना हुईं ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के आवास से रवाना हुईं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेता आज चेन्नई में द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन और मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे। ममता बनर्जी भी इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगी।
वीडी सतीशन केरल हाउस से रवाना
केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन केरल हाउस से रवाना हुए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक के वरिष्ठ नेता आज चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से मुलाकात करेंगे।
इंडिया ब्लॉक के वरिष्ठ नेता दिल्ली से रवाना
इंडिया ब्लॉक के वरिष्ठ नेता दिल्ली हवाई अड्डे पहुंचे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में ये नेता आज चेन्नई में द्रमुक प्रमुख एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे। इसके बाद मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से भी मिलेंगे।
2029 में लोकसभा में होंगी 272 महिला सांसद: भाजपा नेता गौरव वल्लभ
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी को एक संख्या याद रखनी चाहिए- 272। साल 2029 में देश की 272 महिलाएं सांसद बनकर लोकसभा में पहुंचेंगी। उन्हें 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिलेगा। अभी यह 13 प्रतिशत है’।
वल्लभ ने कहा, उन्हें (राहुल गांधी) एक और संख्या याद रखनी चाहिए- 152। साल 2024 में ऐसे 152 लोकसभा क्षेत्र थे, जहां मतदाताओं को एक भी महिला उम्मीदवार नहीं मिली थी। इसलिए उन्हें ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिए। हमने महिलाओं को देश की सबसे बड़ी निर्णय लेने वाली संस्था में पहुंचाने का संकल्प लिया है’।





