आपराधिक अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षा में हुई अनियमितताओं और कथित प्रश्नपत्र लीक मामले में विशेष अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया है। जांच में खुलासा हुआ है कि एक अभ्यर्थी ने सरकारी नौकरी पाने के लिए 75 लाख रुपये में सौदा किया था। परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज में परीक्षार्थी अधिकतर समय खाली बैठा रहा और उसने बहुत कम उत्तर लिखे थे, लेकिन मूल्यांकन के लिए भेजी गई मूल ओएमआर शीट में अधिकांश प्रश्नों के गोले भरे पाए गए। जांच एजेंसी ने अदालत के समक्ष इस धांधली से जुड़े कई अहम सबूत भी पेश किए हैं।
जांच में विशेष अदालत को बताया गया कि लखनऊ की कंपनी मेसर्स टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग प्रा.लि. को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने 20 मई 2025 को लापरवाही बरतने और तथ्य छिपाने के आरोप में तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट किया था। इसके बावजूद जेपीएससी ने जून 2025 के बाद बिना किसी नियमित टेंडर के इस कंपनी को गोपनीय परीक्षाओं का काम सौंप दिया। अप्रैल 2026 में आयोजित प्रारंभिक परीक्षा की उत्तरकुंजी जारी होने से पहले, 26 मई 2026 को तत्कालीन उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता ने अपने व्हाट्सएप नंबर से इसे टीडीपीएल कर्मी उस्मान को भेजा था।
सिंडिकेट का सरगना और वसूली का खेल
जांच रिपोर्ट के अनुसार कंपनी का मार्केटिंग मैनेजर मनोज कुमार तिवारी उर्फ अभय कुमार तिवारी इस फर्जीवाड़ा सिंडिकेट का मुख्य सरगना था। वह अभ्यर्थियों से प्रारंभिक परीक्षा में सफलता के लिए पांच लाख रुपये और अंतिम चयन के लिए 10 से 25 लाख रुपये तक की वसूली करता था। अदालत में दाखिल आरोप पत्र से यह स्पष्ट हुआ है कि संस्थागत मिलीभगत के जरिये परीक्षा प्रक्रिया को दूषित कर अपात्र अभ्यर्थियों का चयन कराने का खेल चल रहा था।







