अमेरिका के कैलिफोर्निया में शनिवार सुबह आए 5 तीव्रता के भूकंप से दक्षिणी इलाके में लोगों के बीच दहशत फैल गई। भूकंप के कारण कई घरों में सामान गिर गया और दर्जनों आफ्टरशॉक यानी भूकंप के बाद आने वाले झटके महसूस किए गए। हालांकि, फिलहाल किसी के घायल होने या बड़े पैमाने पर संपत्ति को नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र लॉस एंजिलिस शहर के दक्षिण-पश्चिम में स्थित मैनहट्टन बीच से करीब पांच किलोमीटर दूर था। यह इलाका समुद्र के किनारे बसा हुआ है। भूकंप के झटके दक्षिणी कैलिफोर्निया के बड़े हिस्से में महसूस किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, इस क्षेत्र में 2014 के बाद आया यह सबसे बड़ा भूकंप था।
भूकंप के बाद लॉस एंजिलिस फायर डिपार्टमेंट ने एहतियातन आपातकालीन व्यवस्था लागू कर दी। शहर के 106 दमकल केंद्रों से कर्मचारियों को इमारतों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की जांच के लिए भेजा गया। अधिकारियों ने शहर में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिलने के बाद आपातकालीन व्यवस्था समाप्त कर दी और विभाग ने सामान्य कामकाज शुरू कर दिया।
दक्षिणी कैलिफोर्निया की वरिष्ठ भूकंप वैज्ञानिक लूसी जोन्स ने बताया कि भूकंप के बाद आने वाले झटकों की संख्या सामान्य से कुछ अधिक रही, लेकिन यह गतिविधि सामान्य सीमा के भीतर है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी कुछ झटके महसूस किए जा सकते हैं। ये आफ्टरशॉक शुरुआती भूकंप के कुछ मिनट, घंटों या दिनों बाद तक आ सकते हैं। मैनहट्टन बीच प्रशासन ने भी लोगों को सतर्क रहने और संभावित झटकों के लिए तैयार रहने की सलाह दी है।
कैलिफोर्निया का इलाका कई भूगर्भीय दरारों (फॉल्ट लाइनों) से घिरा हुआ है। इसी वजह से यहां समय-समय पर भूकंप आते रहते हैं। इनमें से कई इतने हल्के होते हैं कि लोगों को महसूस भी नहीं होते। हालांकि, शनिवार सुबह आए भूकंप ने छुट्टी के सप्ताहांत में घनी आबादी वाले दक्षिणी कैलिफोर्निया के लोगों को हिलाकर रख दिया। फिलहाल प्रशासन की ओर से लोगों को सावधानी बरतने और आफ्टरशॉक पर नजर रखने की सलाह दी गई है।






