बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी ऋषिकेश सिंह से आज होने वाली है। इसके लिए बाढ़ के नदवां गांव स्थित अनंत सिंह के पैतृक आवास पर भव्य तैयारियां की गई हैं। करीब 10 बीघा जमीन में पंडाल तैयार किया गया है। चार लाख लोगों के खाने-पीने का इंतजाम किया गया है। मेहमानों को 140 से अधिक व्यंजन परोसे जाएंगे। वीआईपी मेहमानों के लिए अलग से पंडाल बनाए गए हैं। यहां 30 स्टॉल लगाए गए हैं। तीन दिन पहले से ही 500 से अधिक हलवाई भोजन तैयार करने में जुटे हैं। सुबह 10 बजे से भोज शुरू हो जाएगा।
खास बात यह है कि शादी समारोह शुरू होने से पहले घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता दोपहर दो बजे होगी। जीतने वाले घुड़सवार को बाहुबली अनंत सिंह खुद सफेद रंग की महिंद्रा थार गाड़ी उपहार में देंगे। प्रतियोगिता में बिहार के अलावा अन्य राज्यों से भी घुड़सवार पहुंचे हैं।
दूल्हा ऋषिकेश सिंह 151 गाड़ियों के काफिले के साथ बारात लेकर नदवां पहुंचेंगे
घुड़दौड़ प्रतियोगिता के समापन के बाद सभी लोग बारात के स्वागत की तैयारियों में जुट जाएंगे। बारात पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर से आएगी। रात आठ बजे तक दूल्हा ऋषिकेश सिंह 151 गाड़ियों के काफिले के साथ बारात लेकर नदवां पहुंचेंगे। बारातियों का स्वागत भी खास अंदाज में किया जाएगा। रात नौ बजे वरमाला का कार्यक्रम निर्धारित है। वरमाला का मंच जयपुर की थीम पर तैयार किया जा रहा है। जयमाला मंच के सामने मैदान में रेस्टोरेंट की तर्ज पर विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं, अनंत सिंह खुद तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। वरमाला के बाद विवाह की रस्में शुरू होंगी। इस दौरान बारातियों और अन्य मेहमानों के भोजन की व्यवस्था भी रहेगी। बारातियों के लिए विशेष व्यंजनों का इंतजाम किया गया है।
शादी समारोह में बिहार के नामी कलाकार शामिल होंगे। अनंत सिंह ने पहले ही कहा था कि शादी में बिहार के ही नहीं बाहर के राज्यों के भी लोग आएंगे। उन्होंने सियासी गलियारे के सभी बड़े नामों को न्यौता भेजा है। तिलकोत्सम में भी कई मंत्री, विधायक और सांसद शामिल हुए थे। आज भी कई बड़े दिग्गज कार्यक्रम में आएंगे। इसके अलावा फिल्म अभिनेता सोनू सूद, भोजपुरी के पावर स्टार पवन सिंह, गायक गुंजन सिंह के अलावा कई सेलिब्रेटी सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
भीड़ नियंत्रण के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई
शादी समारोह में उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रवेश और निकास के रास्ते अलग-अलग बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इलाके में जाम की समस्या न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान भी मोर्चा संभालेंगे। वहीं, तीन हजार से अधिक निजी बाउंसर मेहमानों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। हेलीपैड स्थल पर भी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।







