रूस-यूक्रेन युद्ध में सैनिक परिवारों ने बहुत कुछ खोया है। दोनों देशों के करीब नौ लाख सैनिक मारे गए हैं। इस भीषण युद्ध में रूस ने अपने सात लाख से अधिक सैनिक गंवा दिए हैं, करीब 1,000 सैनिकों ने आत्महत्या कर ली है। सोमवार को जारी एक नए विश्लेषण में यह चौंकाने वाला दावा किया गया है।
राष्ट्रपति पुतिन पिछले करीब पांच वर्षों से यूक्रेन के खिलाफ पूर्ण पैमाने पर युद्ध छेड़े हुए हैं और फिलहाल इसे रोकने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। दमन, सेंसरशिप और सरकारी प्रचार के दम पर रूसी नेतृत्व ने देश के भीतर युद्ध से जुड़ी आलोचनात्मक जानकारियों पर सख्त पहरा बैठा रखा है और सामाजिक असंतोष को दबाए रखा है।
यूक्रेन के साथ जारी लंबे युद्ध के बीच रूसी सेना में बढ़ते मानसिक दबाव और गिरते मनोबल का चौंकाने वाला सच सामने आया है। रूस की सरकारी सांख्यिकी एजेंसी के लीक हुए गोपनीय आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि पूर्ण पैमाने पर युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक एक हजार सतासी (1,087) रूसी सैनिक आत्महत्या कर चुके हैं। यह संख्या लगभग एक पूरी रूसी सैन्य रेजिमेंट के बराबर है।
बेलारूसी और यूक्रेनी हैकर समूहों द्वारा हासिल किए गए एक करोड़ दस लाख से अधिक मृत्यु प्रमाण पत्रों की जांच में यह खुलासा हुआ है। इन आत्महत्याओं में से कम से कम छह सौ चौदह मामले यूक्रेन के कब्जे वाले इलाकों या उससे सटे रूसी सीमावर्ती क्षेत्रों में दर्ज किए गए।
हमलावर होने और युद्ध की आक्रामक रणनीति के कारण रूस को यूक्रेन की तुलना में कहीं अधिक सैनिक गंवाने पड़े हैं। वॉशिंगटन स्थित ‘सेंटर फॉर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज’ के अनुमान के अनुसार, जून तक इस युद्ध में एक लाख पचास हजार यूक्रेनी लड़ाके मारे जा चुके हैं। वहीं, यूक्रेनी मौतों का हिसाब रखने वाली दो वेबसाइटों ‘लॉस्टआर्मर’ और ‘यूए लॉसेस’ ने मारे गए सैनिकों की संख्या दो लाख से अधिक बताई है। यही नही करीब सवा लाख सैनिकों को अब भी पता नहीं चल सका है।





