चीन की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी हुवावे (Huawei Technologies) को अमेरिका में कानूनी झटका लगा है। अमेरिकी जूरी ने मंगलवार को कंपनी को व्यापारिक गोपनीय जानकारी चुराने की साजिश और बैंक धोखाधड़ी का दोषी करार दिया। हालांकि, जूरी ने कंपनी के खिलाफ लगाए गए सबसे गंभीर आरोप यानी आपराधिक रैकेटियरिंग की साजिश से उसे बरी कर दिया।
अमेरिकी अभियोजकों ने अदालत में दावा किया कि हुवावे ने कई कंपनियों की तकनीकी जानकारी हासिल करने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए। अभियोग पत्र के मुताबिक, कंपनी ने एक बार प्रतिस्पर्धी कंपनी की नकल किए गए सोर्स कोड वाले इंटरनेट राउटर बेचे थे। एक अन्य मामले में हुवावे का कर्मचारी शिकागो में आयोजित एक ट्रेड शो के दौरान प्रतिस्पर्धी कंपनी के स्टॉल में घुसा और वहां नेटवर्किंग उपकरण के सर्किट की तस्वीरें लीं।
कंपनी के वकील बोले- कर्मचारियों की गलतियों को बड़ी साजिश बताया
हुवावे के वकीलों ने मुकदमे के दौरान कंपनी का बचाव किया। उनका कहना था कि अमेरिकी जांचकर्ताओं ने कंपनी के दो लाख से अधिक कर्मचारियों में से कुछ लोगों की अलग-अलग गलतियों को आधार बनाकर एक बड़ी आपराधिक साजिश की कहानी तैयार की। कंपनी के वकील ब्रायन हेबरलिग ने अपनी अंतिम दलील में कहा कि अभियोजन पक्ष ने संदर्भ से अलग तथ्यों और पूर्व कर्मचारियों की गवाही के आधार पर मामला तैयार किया है।
उन्होंने कहा कि हुवावे की सफलता मेहनत, नवाचार और प्रतिस्पर्धा पर आधारित रही है, न कि चोरी पर। वकील ने यह भी कहा कि जिस सामग्री को चोरी का बताया जा रहा है, उसका बड़ा हिस्सा पहले से सार्वजनिक था। उन्होंने दावा किया कि कंपनी ने वर्षों में लाइसेंस शुल्क के रूप में अरबों डॉलर का भुगतान किया, जिसमें से 75 प्रतिशत राशि अमेरिकी कंपनियों को गई। गलत कामों में शामिल पाए गए कर्मचारियों के खिलाफ कंपनी ने अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की।
अमेरिकी अभियोजकों ने कंपनी के शीर्ष नेतृत्व पर लगाए आरोप
अभियोजक मेरेडिथ अरफा ने जूरी के सामने कहा कि कंपनी के शीर्ष अधिकारियों ने कथित आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हुवावे के वरिष्ठ अधिकारियों ने अमेरिकी कांग्रेस और बैंकों के सामने गलत बयान दिए, प्रतिबंधों का उल्लंघन किया और जांच में हस्तक्षेप करने की कोशिश की। अमेरिका ने हुवावे के खिलाफ आपराधिक आरोप पहली बार 2019 की शुरुआत में लगाए थे। बाद में आरोपों का दायरा बढ़ाया गया।
ईरान और उत्तर कोरिया से कारोबार करने का भी आरोप
हुवावे पर अमेरिका के प्रतिबंधों का सामना कर रहे देशों के साथ कारोबार करने का भी आरोप लगा। इनमें ईरान और उत्तर कोरिया शामिल हैं। अभियोजकों के मुताबिक, कंपनी ने अपने कारोबारी लेनदेन से जुड़ी जानकारी अमेरिकी सरकारी अधिकारियों और बैंकों से छिपाने के लिए गलत बयान दिए। इसी मामले में कंपनी पर बैंक धोखाधड़ी का आरोप भी लगाया गया, जिसमें जूरी ने उसे दोषी पाया।
मेंग वानझोउ की गिरफ्तारी और अमेरिका-चीन विवाद
इस मामले में हुवावे की मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) मेंग वानझोउ पर भी पहले आपराधिक आरोप लगाए गए थे। उन पर आरोप था कि उन्होंने ईरान में कंपनी के कारोबारी संबंधों को लेकर HSBC बैंक को गुमराह किया। मेंग, हुवावे के संस्थापक की बेटी हैं। उन्हें 2018 में कनाडा में गिरफ्तार किया गया था। बाद में 2021 में उन्हें चीन लौटने की अनुमति मिली। यह घटनाक्रम चीन में हिरासत में रखे गए दो कनाडाई नागरिकों की रिहाई से जुड़े समझौते के दौरान हुआ। इसके बाद अमेरिका ने मेंग के खिलाफ अपना मामला वापस ले लिया।
अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद दुनियाभर में कारोबार
अमेरिका ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए कई साल पहले अपनी दूरसंचार कंपनियों को हुवावे के उपकरण बेचने पर रोक लगा दी थी। कनाडा और ब्रिटेन समेत कुछ अन्य पश्चिमी देशों ने भी कंपनी को प्रतिबंधित किया है। हालांकि, इसका कंपनी के वैश्विक कारोबार पर पूरी तरह असर नहीं पड़ा। हुवावे के स्मार्टफोन और दूरसंचार उपकरण दुनिया के कई बाजारों में बिकते हैं।





