उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ विपक्षी गठबंधन को मजबूती व व्यापकता देने के लिए समाजवादी पार्टी अलग रणनीति पर काम कर रही है। वह पुराने छोटे साथी दलों को साथ रखने के लिए अपने कोटे की सीटें दे सकती है। क्षेत्रों में सीमित जनाधार वाले इन दलों को कुछ सीट देकर सपा को लाभ की उम्मीद है। साथ ही, इस कदम के जरिये वह अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा के साथ-साथ सहयोगी कांग्रेस को भी राजनीतिक संदेश देना चाहती है।
विपक्षी वोटों के बिखराव को रोकने की रणनीति
सपा की रणनीति छोटे दलों को साथ जोड़कर विपक्षी वोटों के बिखराव को रोकने और सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने की है। पार्टी का मानना है कि क्षेत्रीय प्रभाव रखने वाले छोटे दलों को साथ लेने से चुनावी मुकाबले में उसे अतिरिक्त ताकत मिल सकती है।
इसके लिए सपा अपने हिस्से की कुछ सीटें सहयोगी दलों के लिए छोड़ सकती है। सपा की इस रणनीति के पीछे केवल गठबंधन का विस्तार ही नहीं, बल्कि अलग-अलग सामाजिक और राजनीतिक समूहों तक पहुंच बनाने की कोशिश भी है।





