‘E20 बना 420’: राहुल गांधी ने कर्नाटक सरकार के दावे पर केंद्र को घेरा, पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि देश में पेट्रोल के नाम पर लोगों को निर्धारित मात्रा से अधिक एथेनॉल दिया जा रहा है। उन्होंने इसे ‘E20 बना 420’ बताते हुए कहा कि इससे आम लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि मोदी सरकार पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल मिलाने की बात कहती है, लेकिन ये इससे कहीं ज्यादा है। उन्होंने कर्नाटक सरकार ने सात जिलों से पेट्रोल के नमूने लेकर मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला में उनकी जांच कराने के मामले का जिक्र किया। कर्नाटक सरकार ने कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल में 26 से 31 प्रतिशत एथेनॉल मिलने का दावा किया है।
11 नमूनों में 20 फीसदी से अधिक एथेनॉल का दावा
राहुल गांधी के मुताबिक, जांच में 14 में से 11 नमूनों में एथेनॉल की मात्रा 20 फीसदी से अधिक पाई गई। उन्होंने दावा किया कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसीएल) के एक नमूने में एथेनॉल की मात्रा 31.2 फीसदी और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (एचपीसीएल) के नमूने में 30.5 फीसदी मिली।
उन्होंने कहा कि आईओसीएल, एचपीसीएल, बीपीसीएल, नायरा और शेल जैसी सरकारी और निजी कंपनियों के पेट्रोल में निर्धारित सीमा से अधिक एथेनॉल पाया गया। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनियों की अपनी प्रयोगशालाओं ने जांच रिपोर्ट में एथेनॉल की मात्रा का उल्लेख तक नहीं किया।

महंगे पेट्रोल के पैसे देकर एथेनॉल भरवाने का आरोप
कांग्रेस नेता ने कहा कि उपभोक्ता पेट्रोल की कीमत चुका रहे हैं, लेकिन उनकी गाड़ियों की टंकी में ज्यादा मात्रा में एथेनॉल भरा जा रहा है। इसका नुकसान आम लोगों को उठाना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि सभी वाहन इतनी अधिक मात्रा में एथेनॉल इस्तेमाल करने के लिए नहीं बने हैं। इससे गाड़ियों का माइलेज घट सकता है और बार-बार मरम्मत कराने की जरूरत पड़ सकती है। राहुल ने कहा कि लोग अपनी पसंद से खरीदी गई गाड़ियों को लेकर भी परेशान हो सकते हैं।

राहुल गांधी ने पेट्रोल पंपों पर जानकारी और विकल्प की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंपों पर यह स्पष्ट नहीं किया जाता कि पेट्रोल में कितनी मात्रा में एथेनॉल मिलाया गया है। ऐसे में उपभोक्ताओं के पास अपनी पसंद का ईंधन चुनने का विकल्प नहीं रहता।

और पढ़े  चुनाव आयोग में विवाद पर विराम: फिर से हुआ कार्यों का आवंटन, आयुक्तों की आपत्ति के बाद पुरानी व्यवस्था बहाल
मोदी सरकार से पूछे सवाल
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में जवाब मांगा। उन्होंने पूछा कि देश में पेट्रोल की टंकियों में वास्तव में क्या भरा जा रहा है और पेट्रोल में एथेनॉल की वास्तविक मात्रा कितनी है।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि 20 फीसदी से अधिक एथेनॉल मिलाने वाली कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई कब की जाएगी। राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट के अंत में प्रधानमंत्री को दी गई बहस की चुनौती का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को भी बहस में शामिल किया जाएगा और पूछा कि सरकार की नीतियों से वास्तव में किसे फायदा हो रहा है।

  • Related Posts

    दिल्ली: करोल बाग के गफ्फार मार्केट की दुकान में लगी आग, बुझाने के लिए दमकल की 22 गाड़ियां मौके पर

    मध्य दिल्ली में करोल बाग के गफ्फार मार्केट स्थित ‘चेन वाली गली’ के 13 ब्लॉक में, पुरी प्लाजा की एक दुकान में आग लग गई है। आग पर काबू पाने…

    संकट: दिल्ली की हवा ‘बहुत खराब’, आज सुबह आईटीओ और फिरोज शाह कोटला रोड के आसपास का एक्यूआई 420 दर्ज

    दिवाली के कई रोज पहले से दिल्ली की हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। आज सुबह भी ऐसा ही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, आनंद विहार…