देश की दूसरी और यूपी की पहली स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव बनारस रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 16 कोच और 823 सीट वाली यह ट्रेन उद्घाटन के दिन शाम 4:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 8 से रवाना होगी। आधी रात बाद 2 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

इन ट्रेनों का आज होगा उद्घाटन
- वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन
- बनारस-रामबाग फास्ट मेमू ट्रेन
- वाराणसी से राजातालाब मेमू ट्रेन
एक नजर में स्लीपर वंदे भारत
- ट्रेन नंबर-27421/27422(सप्ताह में बनारस से शुक्रवार को छोड़कर)
- कोच-16(थर्ड एसी-11, सेकेंड एसी-4, फर्स्ट एसी-1)
- सीट-823 सीट
- ट्रेन का ठहराव-वाराणसी से चलकर प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़, गाजियाबाद, नई दिल्ली
- उद्घाटन का समय-बनारस स्टेशन से शाम 4.30 बजे चलकर
कैंट से राजातालाब तक मेमू ट्रेन से सफर करेंगे 200 से अधिक स्कूली छात्र
वाराणसी जंक्शन यानी कैंट रेलवे स्टेशन से राजातालाब तक हर दिन मेमू ट्रेन चलाई जाएगी। शनिवार को रेलमंत्री और मुख्यमंत्री इस मेमू ट्रेन को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ट्रेन से 200 से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं को सफर करने का मौका मिलेगा। कैंट स्टेशन से यह ट्रेन प्लेटफॉर्म 4 से रवाना होगी।
गुजरात से चली साबरमती एक्सप्रेस आज आएगी वाराणसी
वाराणसी से साबरमती तक चलने वाली नई ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तीन प्रदेश (गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश) को जोड़ने वाली यह ट्रेन शनिवार को वाराणसी पहुंचेगी। इस ट्रेन के नियमित वाराणसी से चलने से गुजरात तक जाने वाले व्यापारियों, छात्रों, आम लोगों का सफर आसान हो जाएगा। यह ट्रेन वाराणसी से शाम 5.30 बजे से चलकर साबरमती अगले दिन रात 8.15 बजे पहुंचेगी। वापसी में साबरमती से सुबह 5.20 बजे चलकर अगले दिन सुबह 6.30 बजे पहुंचेगी।






