पैरा शूटिंग में मोना अग्रवाल शीर्ष पर पहुंचीं, अवनि लेखरा चौथे स्थान पर
एशियन पैरा गेम्स में महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस एसएच1 स्पर्धा के फाइनल में भारत की मोना अग्रवाल ने शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। मोना 235.1 अंकों के साथ पहले स्थान पर हैं। उन्होंने चीन की झांग कुइपिंग को दूसरे स्थान पर धकेल दिया है, जिनके 234.2 अंक हैं। नागोया में फाइनल मुकाबला जारी है और दोनों भारतीय निशानेबाजों की नजरें पदक पर टिकी हैं।
पैरा शूटिंग में अवनि लेखरा और मोना अग्रवाल पदक की दौड़ में
नागोया में एशियन पैरा गेम्स के दौरान महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस एसएच1 स्पर्धा का फाइनल जारी है। भारत की मोना अग्रवाल और अवनि लेखरा दोनों पदक की दौड़ में बनी हुई हैं। मोना अग्रवाल 203.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि अवनि लेखरा 202.7 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर चल रही हैं। चीन की झांग कुइपिंग फिलहाल अंक तालिका में शीर्ष पर हैं। दोनों भारतीय निशानेबाजों की नजरें अब पदक जीतने पर टिकी हैं।
पैरा टेबल टेनिस में जेहान-शुभम की जोड़ी ने जीता कांस्य पदक
नागोया में जारी एशियन पैरा गेम्स में भारत के जेहान डोराब मदन और शुभम वाधवा ने पुरुष युगल एमडी4 टेबल टेनिस स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। शुक्रवार को ग्रुप ए के अपने आखिरी मुकाबले में भारतीय जोड़ी को दक्षिण कोरिया के पार्क जिनचियोल और किम क्यूंग-ह्यून के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी यह मुकाबला 12-14, 7-11, 5-11 से हारी, लेकिन ग्रुप की शीर्ष चार जोड़ियों में रहने के कारण उसे कांस्य पदक मिला।
50 वर्षीय जेहान इस तरह एशियन पैरा गेम्स में पदक जीतने वाले भारतीय दल के सबसे उम्रदराज सदस्य बन गए। वह पूर्व रेसिंग ड्राइवर हैं। जेहान ने 2023 आईटीटीएफ मिस्र पैरा ओपन में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीता था। उनके जोड़ीदार शुभम की उम्र 29 साल है।
भारतीय जोड़ी का अभियान उतार-चढ़ाव भरा रहा। दोनों ने ग्रुप के चार मुकाबलों में से केवल एक में जीत दर्ज की। बुधवार को उन्होंने सऊदी अरब के रकान अलसलमी और इब्राहिम अलहसन को 3-1 से हराया था। इसके बाद उन्हें थाईलैंड के थिरायु चुआवोंग और नट्टावुत थिनाथत से 0-3 और दक्षिण कोरिया के किम ह्योनुक और जांग योंगजिन से 1-3 से हार मिली। दक्षिण कोरिया ने इस स्पर्धा में स्वर्ण और रजत दोनों पदक जीते। किम ह्योनुक और जांग योंगजिन ने स्वर्ण, जबकि पार्क जिनचियोल और किम क्यूंग-ह्यून ने रजत पदक हासिल किया। थाईलैंड की जोड़ी को भी कांस्य पदक मिला।







