फर्राटा धाविका सिमरन, ऊंची कूद में प्रवीण कुमार और शॉटपुट में सचिन खिलाड़ी ने नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीते और ट्रैक और फील्ड खिलाड़ियों ने बुधवार को पांच स्वर्ण समेत 18 पदक भारत की झोली में डालकर पदक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंचा दिया। सिमरन (महिलाओं की 100 मीटर टी12), प्रवीण (पुरुषों की ऊंची कूद टी44.64) और सचिन (पुरुष शॉटपुट एफ46) के अलावा दिलीप गावित (पुरुषों की 100 मीटर टी47) और आयुष वर्मा (पुरुषों की शॉटपुट एफ53) ने भी स्वर्ण पदक जीते। पुरुषों की शॉटपुट एफ46 स्पर्धा में भारत ने क्लीन स्वीप करते हुए तीनों पदक जीते।
शीर्ष पांच पर मौजूद भारत
पैरा तीरंदाजी, पैरा तैराकी और पावरलिफ्टिंग में भी भारत ने पदक जीते। भारत को अब तक मिले 14 में से 13 स्वर्ण पैरा एथलेटिक्स दल ने जीते हैं। भारत ने 22 रजत (14 एथलेटिक्स में) और 26 कांस्य (15 एथलेटिक्स में) समेत कुल 62 पदक अपने नाम किए हैं। भारत अब तक कुल 62 पदक जीत चुका है और पदक तालिका में फिलहाल पांचवें स्थान पर है।
सिमरन का जलवा
सिमरन ने 12.02 सेकेंड के खेलों के रिकॉर्ड समय के साथ महिला 100 मीटर टी12 स्पर्धा जीतकर एशियाई पैरा खेलों का अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने मंगलवार को खेलों के नए रिकॉर्ड के साथ 200 मीटर स्पर्धा में स्पर्धा पदक जीता था। भुजाहीन कंपाउंड तीरंदाज शीतल देवी ने महिला युगल में पायल नाग के साथ रजत पदक जीता। तैराकी में रवि कार्तिक बुदिगिना ने इन खेलों में दूसरा रजत अपने नाम किया जब वह पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक एस13 श्रेणी में दूसरे स्थान पर रहे। हिमांशु नंदल ने पुरुष 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एस11 स्पर्धा में तीसरे स्थान पर रहते हुए एशियाई पैरा खेलों में अपना दूसरा कांस्य पदक जीता।
पैरा बैडमिंटन में कृष्णा नागर और सिवाराजन सोलाइमलाइ ने पुरुष युगल एसएच6 स्पर्धा में रजत पदक जीता, जबकि एसएल4 वर्ग में गत चैंपियन सुहास एल वाई, नवीन सिवाकुमार और अभिजीत सखुजा सेमीफाइनल में पहुंच गए। कृष्णा और सिवाराजन तीन मैचों में एक जीत और दो हार के बाद दूसरे स्थान पर रहे। सिर्फ चार टीमें होने के कारण ग्रुप में स्थिति के आधार पर पदक तय किए गए। पावरलिफ्टिंग में पोलियो से जूझ रही कस्तूरी राजामणि ने महिलाओं के 67 किलो वर्ग में रजत पदक जीता।
कांस्य पदक
- पैरा एथलेटिक्स: परवीन ने पुरुषों की शॉट पुट F46 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
- पैरा एथलेटिक्स: सुखचैन ने पुरुषों के भाला फेंक F55 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
- पैरा एथलेटिक्स: प्रणव देसाई ने पुरुषों की 100 मीटर T64 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
- पैरा एथलेटिक्स: अनुभव चौधरी ने पुरुषों की 100 मीटर T35 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
- पैरा एथलेटिक्स: राकेश भट्ट ने पुरुषों की 100 मीटर T37 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
- पैरा एथलेटिक्स: रवि रोंगाली ने पुरुषों की शॉट पुट F40 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
- पैरा एथलेटिक्स: शैलेश कुमार ने पुरुषों की लॉन्ग जंप T42/T61/T63 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
- पैरा बैडमिंटन: आफिया जेम्स और पल्लवी के ने सेमीफाइनल में हारने के बाद महिला डबल्स WH1-WH2 में कांस्य पदक जीता।
- पैरा एथलेटिक्स: करमज्योति ने महिलाओं की डिस्कस थ्रो F55 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
- पैरा एथलेटिक्स: हनी ने पुरुषों की डिस्कस थ्रो F37 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
- पैरा तैराकी: हिमांशु नंदन ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक S11 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
- पैरा तैराकी: रोहित कुमार ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक SB4 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।







