पहाड़ों की रानी मसूरी में बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार फिल्म की शूटिंग के लिए पहुंच गए हैं। बृहस्पतिवार को अभिनेता एक होटल में शूटिंग करते नजर आए। इस दौरान अभिनेत्री राशि खन्ना के साथ भी फिल्म के कई दृश्य फिल्माए गए। होटल में शूटिंग की जानकारी मिलते ही पर्यटकों में अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने को लेकर उत्साह देखने को मिला।
इससे पहले बुधवार को भी मसूरी में फिल्म की शूटिंग की तैयारी की गई थी। सुबह करीब नौ बजे होटल के नजदीक सेट तैयार कर लिया गया था, लेकिन कुछ देर बाद सेट हटा दिया गया और शूटिंग नहीं हो सकी। होटल व्यवसायी विशाल अग्रवाल ने बताया था कि उनके होटल के नजदीक शूटिंग के लिए सेट लगाया गया था, लेकिन बाद में इसे हटा दिया गया।
उस समय अभिनेता की पीठ में खिंचाव आने के कारण शूटिंग रुकने की बात सामने आई थी। उनके गेस्ट हाउस में उपचार किए जाने की जानकारी भी मिली थी, हालांकि स्थानीय लाइन प्रोड्यूसर मनोज खरोला ने इस संबंध में जानकारी देने से इनकार कर दिया था।
मसूरी पहुंचने से पहले अक्षय कुमार एक स्थानीय ढाबे पर भी रुके थे। वहां उनके पहुंचने की जानकारी मिलते ही प्रशंसकों की भीड़ जुट गई थी। अभिनेता ने प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाई थीं। फिल्म की शूटिंग मसूरी के अलावा देहरादून स्थित एफआरआई और ऋषिकेश में भी प्रस्तावित है।








