भारतीय जनता पार्टी अगले हफ्ते से एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसका मकसद कांग्रेस के उन दावों का जवाब देना है, जिन्हें भाजपा ‘गुमराह करने वाले’ दावे बताती है। ये दावे मतदाता सूची के ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) और भारत निर्वाचन आयोग से जुड़े हैं।
भाजपा के सूत्रों के अनुसार, पार्टी 24 पन्नों का एक विस्तृत दस्तावेज तैयार कर रही है, जिसमें विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों और लगाए गए आरोपों के जवाब शामिल हैं। उम्मीद है कि यह दस्तावेज पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए जनसंपर्क गतिविधियों के दौरान एक संदर्भ सामग्री (रेफरेंस मटेरियल) के रूप में काम आएगा।
इस अभियान को सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए भी चलाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचा जा सके और इस मुद्दे पर पार्टी का पक्ष रखा जा सके। विपक्ष के मौजूदा आरोपों का जवाब देने के साथ-साथ, बीजेपी उन घटनाओं को भी उजागर करने की योजना बना रही है, जिनमें उसका आरोप है कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए चुनाव आयोग और अन्य संस्थानों का दुरुपयोग किया था। पार्टी इन उदाहरणों का इस्तेमाल कांग्रेस की आलोचना का जवाब देने और जनता के सामने अपना पक्ष रखने के लिए करना चाहती है।






