जिले में दिनदहाड़े ठगी और चेन स्नेचिंग की दो घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दर्री थाना क्षेत्र में बाइक सवार ठगों ने पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर 65 वर्षीय बुजुर्ग से दो सोने की अंगूठियां ठग लीं। वहीं सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चेन स्नेचिंग की कोशिश की।
दूसरी घटना कोरबा शहर के सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में एमपी नगर मुख्य मार्ग की है। शिवाजी नगर निवासी कांता बनवाल अपनी बेटी के साथ घंटाघर की ओर मॉर्निंग वॉक पर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से चेन खींचने की कोशिश की। अचानक हुए हमले से महिला सड़क पर गिर गईं लेकिन चेन नहीं टूटी और बदमाशों का प्रयास विफल हो गया। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन रामपुर थाना प्रभारी आस्था शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। सीएसपी प्रतिभा चतुर्वेदी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस के सामने लगातार सामने आ रही इस तरह की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। करीब एक महीने पहले निहारिका टॉकीज के पास भी बाइक सवार बदमाशों ने चेकिंग के नाम पर एक बुजुर्ग को रोककर उनके गले से सोने की चेन उतरवा ली थी। आरोपी चेन लेकर फरार हो गए थे। उस मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
अब एक के बाद एक सामने आ रही घटनाओं के बाद शहर में बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दोनों नए मामलों में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।








