रील के लिए खतरनाक स्टंट: इंटरनेट पर आए दिन ऐसे कई वीडियो सामने आते हैं, जिनमें लोग रील बनाने के चक्कर में लोग अपनी जान भी जोखिम में डाल देते हैं। वायरल होने और ज्यादा लाइक्स-व्यूज पाने की चाह में कुछ लोग खतरनाक जगहों पर भी रील बनाने लगते हैं। ऐसे में वे कई बार अपनी सुरक्षा और संभावित खतरे को नजरअंदाज कर देते हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर रील बनाती एक महिला का ऐसा ही वीडियो सामने आया है। जिसमें वह रेलवे ट्रैक के पास ट्रेन से अपनी साड़ी का पल्लू बांधकर डांस करती नजर आ रही है।
लाइक्स-व्यूज के लिए जोखिम भरा स्टंट
रेलवे ट्रैक पर रील बनाती महिला के वायरल हो रहे इस वीडियो को एक्स पर शेयर किया गया है। जिसके कैप्शन में लिखा है- रील बनाने की होड़ लोगों को सिर्फ मानसिक रूप से ही नहीं, बल्कि सामाजिक रूप से भी दिवालिया बना रही है। कुछ लाइक्स और व्यूज़ के लिए लोग अपनी समझ, शर्म और जिम्मेदारी तक दांव पर लगाने लगे हैं। कभी-कभी लगता है, कैमरा चालू होते ही इंसानियत बंद हो जाती है।
वीडियो पर लोगों के रिएक्शन
वीडियो वायरल होने के बाद रील बनाती महिला पर यूजर्स तरह-तरह के रिएक्शन भी दे रहे हैं। ऐसे में एक यूजर ने लिखा- रेलवे ट्रैक और ट्रेन के पास इस तरह वीडियो क्यों बनाया गया? दूसरे यूजर ने लिखा- सोशल मीडिया पर वीडियो बनाते समय ऐसी जगहों पर अतिरिक्त सावधानी जरूरी है।
कुछ सेकंड की रील, जिंदगीभर का खतरा
बता दें कि, रेलवे ट्रैक या ट्रेन के आसपास इस तरह का स्टंट करना बेहद जोखिम भरा हो सकता है। यह ऐसी जगह है जहां कभी भी ट्रेन की आवाजाही हो सकती है, इसलिए यहां फोटो या वीडियो बनाने में लापरवाही खतरनाक हो सकती है। सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में लोगों को ऐसी जगहों या तरीकों से रील बनाने से बचना चाहिए, जिनसे उनकी या दूसरों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। रील भले ही कुछ सेकंड की हो, लेकिन एक छोटी सी लापरवाही का असर जिंदगीभर रह सकता है। इसलिए लाइक्स और व्यूज के लिए जोखिम उठाने के बजाय सुरक्षित तरीके से कंटेंट बनाना ज्यादा जरूरी है।






