पूर्व प्रेमी की ले ली जान: रिश्ता तोड़ने पर लड़की ने दे दी सुपारी, कत्ल से पहले 3 घंटे की हुई थी मुलाकात

पंजाब के गुरदासपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रिश्ता खत्म होने से नाराज एक 16 वर्षीय नाबालिग पर अपने पूर्व प्रेमी तेजिंदर सिंह को सबक सिखाने के लिए नौ युवकों को पैसे देने का आरोप है। 18 सितंबर को हुए हमले में तेजिंदर के सिर पर गंभीर चोटें आईं और 29 सितंबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में ले लिया है और जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई है।

तेजिंदर गांव खोखरा का निवासी था और उस पर 18 सितंबर की शाम हमला हुआ था। उसकी मां नरिंदर कौर के अनुसार, तेजिंदर ने करीब तीन महीने पहले लड़की से रिश्ता खत्म कर लिया था। परिवार का आरोप है कि लड़की यह दूरी बर्दाश्त नहीं कर सकी।

परिजन के मुताबिक, लड़की तेजिंदर को मुकेरियां के एक भोजनालय और फिर आवासगृह ले गई थी। वहां दोनों के बीच करीब तीन घंटे तक तकरार हुई और लड़की ने तेजिंदर का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।

तेजिंदर की बहन किरणप्रीत कौर ने आरोप लगाया कि लड़की ने तेजिंदर को रास्ते से हटाने के लिए भूसा गांव में नौ युवकों को इकट्ठा किया। इन्हीं युवकों ने 18 सितंबर की शाम तेजिंदर पर हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। 29 सितंबर को उसकी मौत के बाद परिवार ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करने की बात कही थी।

वीरवार को दरिया ब्यास के किनारे तेजिंदर का अंतिम संस्कार किया गया। माता-पिता और सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी। बहन किरणप्रीत कौर ने बताया कि दूसरी बहन के नहीं पहुंच पाने के कारण अंतिम संस्कार करना पड़ा। परिवार ने इन्साफ मिलने तक संघर्ष जारी रखने का एलान किया है।

और पढ़े  महिला आयोग ने डीसी-एसएसपी से मांगी रिपोर्ट, डीजीपी बोले-किसी को नहीं बख्शेंगे

लड़की बोली-जान से मारने का इरादा नहीं था
पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर ने बताया कि तेजिंदर के पिता कुलदीप सिंह की शिकायत पर 20 सितंबर को एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। पुलिस हमले में शामिल आरोपियों और पूरे घटनाक्रम में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। किरणप्रीत के अनुसार, पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने युवकों को तेजिंदर के हाथ-पैर तोड़ने के लिए पैसे देने की बात कबूली है। नाबालिग ने कहा कि उसका इरादा तेजिंदर को जान से मारने का नहीं था।

  • Related Posts

    एलपीयू हिंसा: मिग-23 पर खड़ा ‘वायरल शख्स’ गिरफ्तार, मंडी से धरा गया नाबालिग

    लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में हुई हिंसा और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक नाबालिग छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी एलपीयू का ही…

    HC पहुंचा एलपीयू हिंसा मामला: छात्र ने जनहित याचिका में की सीबीआई जांच की मांग, 30 सितंबर को सुनवाई

    फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में हुई हिंसा का मामला पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट पहुंच गया है। विश्वविद्यालय परिसर में 27 सितंबर को हुई हिंसक घटना की केंद्रीय जांच…