प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को शालीमार बाग में नमो श्रमिक सेवा केंद्र और गिग वर्कर्स विश्राम स्थल का उद्घाटन किया। इन केंद्रों पर श्रमिकों को पंजीकरण, नवीनीकरण, दस्तावेज सत्यापन और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सहायता एक ही छत के नीचे मिलेगी।
अंगदान अभियान
मुख्यमंत्री ने अंगदान संकल्प अभियान की शुरुआत की और स्वयं संकल्प पत्र भरा। दिल्ली सचिवालय में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने अंगदान संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया। नागरिकों के लिए ऑनलाइन अंगदान प्रतिज्ञा पोर्टल भी शुरू हुआ। जीबी पंत अस्पताल में स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन (एसओटीटीओ) भी चालू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने त्यागराज स्टेडियम में आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में स्वयं रक्तदान किया। इस शिविर में कुल 2,080 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। उन्होंने दिल्लीवासियों से आगे आकर रक्तदान करने की अपील की। सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सुबह अलीपुर स्थित श्री खाटू श्याम दिल्ली धाम में 108 कुंडीय यज्ञ में भी हिस्सा लिया।






