पंजाब सरकार की गैंगस्टरों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़े कुख्यात आरोपी अमृत दालम उर्फ अमृतपाल सिंह को मोल्दोवा से भारत लाया गया है।
पंजाब पुलिस की चार सदस्यीय टीम ने 11 सितंबर को मोल्दोवा एयरपोर्ट पर अमृत दालम को अपनी कस्टडी में लिया और उसे भारत लेकर पहुंची। पुलिस अब आरोपी से विदेश में उसकी गतिविधियों, गैंग से संपर्क और आपराधिक नेटवर्क के संबंध में पूछताछ करेगी। पुलिस के अनुसार अमृत दालम के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, यूएपीए और जबरन वसूली सहित कुल 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी पंजाब वापसी को गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चल रही कार्रवाई में अहम सफलता माना जा रहा है।







