झालावाड़ जिले के भीमसागर के नजदीक धार्मिक स्थल पातलापीर पर शनिवार रात एक निजी बस की चपेट में आने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में कुल नौ लोग प्रभावित हुए, जिनमें तीन लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति की खानपुर अस्पताल में, जबकि दो लोगों की झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल में मौत हुई है। अन्य घायलों का झालावाड़ और खानपुर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, भीमसागर क्षेत्र में पातलापीर दरगाह के समीप शनिवार रात एक निजी बस ऊपर से नीचे की तरफ आ रही थी। इसी दौरान ढलान पर बस अनियंत्रित हो गई और नीचे खड़े करीब आधा दर्जन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति को खानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, चार घायलों को झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल लाया गया, जहां जांच के बाद दो लोगों की मौत हो गई। एक घायल को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही सारोला थाना प्रभारी बुद्धा राम चौधरी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक तौर पर हादसा बस की चपेट में आने से होना बताया जा रहा है।
घायलों के एसआरजी अस्पताल पहुंचने की सूचना मिलते ही सीएमएचओ डॉ. साजिद खान, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय पोरवाल, डिप्टी हर्षराज खरेड़ा समेत अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था के बारे में जानकारी प्राप्त की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए लोग पातलापीर में दर्शन करने आए थे। इसी दौरान निजी बस वापस लौट रही थी। ढलान होने के कारण बस अनियंत्रित होकर नीचे आ गई और वहां खड़े लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में कई लोग घायल हो गए। कोटा जिले के रामगंजमंडी निवासी हामिद खान को जांच के लिए खानपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। उनका शव खानपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं, चार घायलों को झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल लाया गया। यहां जांच के बाद दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।
हादसे में इन लोगों की हुई मौत
पुलिस के अनुसार, हादसे में कुल तीन लोगों की मौत हुई है। रेहान (20) पुत्र फारूक निवासी रामगंजमंडी, जिला कोटा और तालिब पुत्र अकील निवासी रामगंजमंडी की झालावाड़ अस्पताल में मौत हुई। वहीं, रामगंजमंडी निवासी हामिद खान की खानपुर अस्पताल में मौत हुई। उनका शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। अल्फेज (25) पुत्र फिरोज, निवासी गोविंद नगर, कोटा गंभीर हालत में झालावाड़ के अस्पताल में भर्ती है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।







