3 पायलट, दो एसयू-24 और हिरासत का दावा: ईरान के दावे को दोहा ने किया खारिज, अब आमने-सामने दोहा और तेहरान

कतर ने तीन ईरानी पायलटों को छह महीने से हिरासत में रखने के ईरानी मीडिया के दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है। कतर का कहना है कि उसने कथित हवाई क्षेत्र उल्लंघन के दौरान नियमों के तहत कार्रवाई की और बाद में खोज एवं बचाव अभियान भी चलाया। वहीं, ईरान ने तीन पायलटों के कतरी हिरासत में होने का दावा करते हुए ICRC से उनसे मुलाकात की अनुमति देने की मांग की है।

पायलटों से संपर्क की कोशिश का दावा
कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजेद मोहम्मद अल-अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कतरी हवाई क्षेत्र के कथित उल्लंघन के मामले में ईरानी पायलटों से संपर्क किया गया था। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने उनके विमान की दिशा और टारगेट की ओर बढ़ने वाले प्रक्षेप पथ की भी पुष्टि की थी। प्रवक्ता ने कहा, ‘हम ईरानी पायलटों की हिरासत के बारे में फैलाए जा रहे दावों का सख्ती से खंडन करते हैं और इस खास समय पर ऐसे गुमराह करने वाले बयानों से हमें हैरानी है।’
जवाब नहीं मिलने पर उठाए गए जरूरी कदम
अल-अंसारी ने बताया कि कतरी अधिकारियों ने पायलटों से संपर्क करने की कोशिश की थी। जब उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला, तो अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत कतरी क्षेत्र की रक्षा के लिए ‘जरूरी कदम’ उठाने से पहले निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पालन किया गया। उन्होंने कहा कि कतर ने उस समय आधिकारिक माध्यमों के जरिए पूरे मामले को स्पष्ट कर दिया था।
मलबे और अवशेषों की तलाश में जुटी थी टीम
खोज और बचाव अभियान का जिक्र करते हुए कतर ने कहा कि उसकी टीमों ने पायलटों के अवशेषों की तलाश की थी। बाद में ईरान के साथ समन्वय करते हुए एक पायलट के मिले अवशेष सौंपे गए। प्रवक्ता ने कहा, कतर की खोज और बचाव टीमों ने, जिनके पास वैश्विक स्तर की दक्षता और विशेषज्ञता है, पायलटों के अवशेषों की तलाश में अपना कर्तव्य पूरी तरह से निभाया।”

अप्रैल में ईरानी टीम को दिया था न्योता
कतर ने यह भी कहा कि उसने पिछले अप्रैल में एक ईरानी टीम को खोज और बचाव अभियान से जुड़े विवरण की समीक्षा करने और पूरी जानकारी हासिल करने के लिए आमंत्रित किया था। हालांकि, कतर के मुताबिक ईरानी पक्ष ने अब तक इस निमंत्रण का कोई जवाब नहीं दिया है। अल-अंसारी ने कहा,’इसके अलावा, पिछले अप्रैल में एक टीम को खोज और बचाव अभियान के विवरण के बारे में जानने के लिए आमंत्रित किया गया था, जिसका ईरानी पक्ष ने आज तक कोई जवाब नहीं दिया है।’

ईरानी मीडिया ने लगाया हिरासत का आरोप
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब ईरानी समाचार एजेंसी फार्स न्यूज ने शनिवार को दावा किया कि मार्च में कतर स्थित अमेरिकी बेस के खिलाफ किए गए एक ऑपरेशन के दौरान दो ईरानी Su-24 लड़ाकू विमानों को मार गिराए जाने के बाद कतरी बलों ने तीन सैन्य पायलटों को पकड़ लिया था।

और पढ़े  पश्चिम एशिया: सऊदी अरब की सबसे बड़ी तेल कंपनी अरामको पर हूतियों का हमला, बढ़ सकती हैं तेल की कीमतें

तीन पायलटों के नाम भी बताए
फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, ईरानी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ की लापता लोगों की खोज समिति के कमांडर मोहम्मद बागेरजादेह ने तीनों पायलटों की पहचान जावद सालेही, अब्दुल-मजीद दश्तियन और इमरान बेह्रुशियन के रूप में की। बागेरजादेह ने दावा किया कि तीनों पायलट पिछले छह महीनों से कतरी सेना की हिरासत में हैं।

परिवार और ईरानी अधिकारियों से संपर्क नहीं देने का आरोप
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कतर सरकार ने तीनों पायलटों को एक-दूसरे से मिलने, इंटरव्यू देने या अपने परिवारों और उनके मामले को देख रहे ईरानी अधिकारियों से संपर्क करने की अनुमति नहीं दी है।

ICRC से मुलाकात की अनुमति देने की मांग
ईरानी समाचार एजेंसी के मुताबिक, अधिकारी ने मांग की है कि इंटरनेशनल कमिटी ऑफ द रेड क्रॉस (ICRC) को हिरासत में बताए जा रहे पायलटों से मिलने की अनुमति दी जाए।
  • Related Posts

    ट्रंप ने फिर किसे दी धमकी?: ब्रिटेन से अमेरिकी बमवर्षक हटाने पर बोले- हम जानते हैं कौन जिम्मेदार

    अमेरिका ने अज्ञात धमकियों के बाद यूके स्थित अपने सैन्य बेस से बॉम्बर विमानों को हटा लिया है। इस घटनाक्रम के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है।…

    बाब अल-मंदेब पर हूती विद्रोहियों को बड़ा झटका: सऊदी गठबंधन ने छीने कई अहम इलाके, क्या अमेरिका भी साथ आया?

    यमन में हूती विद्रोहियों के खिलाफ लड़ रहे सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन की सेनाओं ने बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य के आसपास कई अहम इलाकों पर फिर कब्जा कर लिया है। यमनी…