हल्द्वानी में विधायक सुमित हृदयेश ने शुक्रवार को राजपुरा स्थित गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में कई स्थानों पर कीचड़ और गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई, बेहतर जल निकासी, पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल और चिकित्सकीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि गौशाला हमारी संस्कृति और आस्था का प्रतीक है तथा गोवंश को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गोसेवा केवल नारों से नहीं, बल्कि जिम्मेदारी के साथ कार्य करने से होती है और गोवंश की सुरक्षा व सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मलय बिष्ट, पार्षद प्रीति आर्य, राजो टंडन, त्रिलोक बनौली, हेमंत साहू, सुमित कुमार, सूरज प्रकाश, सचिन गुप्ता, अमित रावत आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।






