इस्राइल ने दावा किया है कि ईरान ने उस पर मिसाइलों से हमला किया है। अप्रैल की शुरुआत में लागू हुए युद्धविराम के बाद यह पहली बार है जब ईरान की ओर से ऐसा हमला किया गया है। इस घटनाक्रम से युद्ध समाप्त करने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयासों को बड़ा झटका लग सकता है।
तबरीज में इस्राइली हमला, सैन्य केंद्र को बनाया निशाना
ईरान के तबरीज शहर में सोमवार सुबह इस्राइल ने हवाई हमला किया। अर्ध-सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी के मुताबिक, हमला एक सैन्य केंद्र पर किया गया। पूर्वी अजरबैजान प्रांत के संकट प्रबंधन विभाग के प्रमुख ने बताया कि यह हमला तेहरान और इस्फहान में हुए धमाकों के साथ लगभग एक ही समय पर हुआ। हालांकि, तबरीज के सैन्य केंद्र पर हुए हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हमले के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ईरान में भारतीय दूतावास ने भारतीयों से की तुरंत देश छोड़ने की अपील
ईरान में बिगड़ते क्षेत्रीय हालात के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने सभी भारतीयों को ईरान की यात्रा से बचने की सलाह दी है। साथ ही वहां मौजूद भारतीय नागरिकों से उपलब्ध परिवहन साधनों के जरिए जल्द से जल्द ईरान छोड़ने को कहा गया है। दूतावास ने कहा कि क्षेत्र में हालिया घटनाक्रम को देखते हुए यह सलाह दोहराई जा रही है। भारत लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
हूती विद्रोहियों ने ईरान का किया समर्थन, इस्राइल को दी बड़े हमले की चेतावनी
यमन के हूती विद्रोही समूह ने इस्राइल पर ईरान के मिसाइल हमले का खुलकर समर्थन किया है। हूती समूह ने कहा कि रेजिस्टेंस एक्सिस पूरी तरह एकजुट है और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर लगातार समन्वय बना हुआ है। समूह ने चेतावनी दी कि अगर इस्राइल ने तनाव बढ़ाया तो उसे और बड़े जवाबी हमलों का सामना करना पड़ेगा।
ईरान बोला- सऊदी एयर बेस पर हमने कोई मिसाइल नहीं दागी
ईरान बोला- सऊदी एयर बेस पर हमने कोई मिसाइल नहीं दागी ईरान ने सऊदी अरब के अल-खार्ज एयर बेस पर हमले की खबरों को खारिज कर दिया है। ईरानी सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के मुताबिक एक सैन्य अधिकारी ने कहा कि ईरान ने अल-खार्ज एयर बेस की ओर कोई भी गोली या मिसाइल नहीं दागी है। यह बयान उस समय आया जब अल-खार्ज इलाके में धमाके जैसी खबरें सामने आईं और सऊदी सिविल डिफेंस ने संभावित खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया था। अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की थी। हालांकि बाद में सऊदी अरब ने कहा कि खतरा टल गया है। फिलहाल घटना को लेकर तनाव बना हुआ है।
इस्राइल में फिर गूंजी सायरनों की आवाज
इस्राइल में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मध्य इस्राइल के कई इलाकों में सायरन बजाए गए। चैनल 12 की रिपोर्ट में कहा गया कि गुश दान, यरूशलम और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक संभावित हमले के खतरे को देखते हुए इस्राइल ने अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियां और रक्षा प्रणाली पूरी तरह अलर्ट पर हैं। फिलहाल किसी नुकसान या हताहत की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यमन की ओर से इस्राइल पर दागी गई मिसाइल
इस्राइल की सेना ने दावा किया है कि यमन की दिशा से उसकी सीमा की ओर एक मिसाइल दागी गई है। सेना के अनुसार मिसाइल का पता लगते ही रक्षा प्रणाली को तुरंत सक्रिय कर दिया गया और खतरे को रोकने के लिए इंटरसेप्टर सिस्टम काम में लगाए गए।इस्राइली सेना ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। फिलहाल किसी बड़े नुकसान या हताहत की जानकारी सामने नहीं आई है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इस हमले ने क्षेत्र की सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है।






