बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में आज राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का कार्यक्रम होने जा रहा है। वह सहयोग शिविर में भाग लेने के लिए आ रहे हैं और दोपहर 12 बजे हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। इसको लेकर हेलीपैड भी बनकर तैयार है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जिले के मोतीपुर प्रखंड के परसौनी नाथ पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोसाईंपुर परिसर में आ रहे हैं।
शहर को मिलेगी 109 विकास योजनाओं की सौगात
वहीं इस दौरान जिले को 288.16 करोड़ रुपये की लागत वाली 109 विकास योजनाओं की सौगात भी देंगे। इस कार्यक्रम के दौरान वह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करने जा रहे हैं। इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री और राज्य सरकार के भूमि सुधार विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल भी शामिल रहेंगे।
सहयोग शिविर में योजनाओं की होगी समीक्षा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर 12 बजे गोसाईंपुर स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे और यहां आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे। सहयोग शिविर में कुल 12 सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
एक ही जगह मिलेगा कई विभागों का लाभ
विभागों के इन स्टॉलों पर आम लोगों की शिकायतों और समस्याओं के समाधान की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ भी लोगों को उपलब्ध कराया जाएगा। इस शिविर के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं मिल सकेंगी। इसे लेकर विभागों द्वारा पूरी तैयारी की गई है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
डीएम-एसएसपी ने संभाली कमान
इसको लेकर डीएम सुब्रत सेन और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने देर शाम तक कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम संचालन से संबंधित सभी आवश्यक निर्देश दिए हैं।









